मोहम्मद शमी के भाई पर लखनऊ की महिला ने लगाए यौन शोषण के आरोप, पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
Lucknow News: लखनऊ की एक महिला ने क्रिकेटर मोहम्मद शमी के छोटे भाई और क्रिकेटर मोहम्मद कैफ पर शादी का झूठा वादा करके कई बार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि दोनों की पहचान 2020 में इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। महिला ने बताया कि उसने रिलेशन में आने से पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि वह तलाकशुदा है और उसका एक बेटा भी है, लेकिन मोहम्मद कैफ ने कहा था कि उसे उसके अतीत या बेटे से कोई आपत्ति नहीं है।
महिला का आरोप है कि मोहम्मद कैफ ने उससे कहा था कि वह उससे बहुत प्यार करता है और उसी से शादी करेगा। उसके कहने पर महिला ने दिल्ली की एक एयरलाइन कंपनी में केबिन क्रू की अपनी नौकरी छोड़ दी। महिला ने बताया कि जब भी वह शादी की बात करती, कैफ उसे बुलाता और फिर शारीरिक संबंध बनाता। वह जिस भी शहर में होता, महिला को वहां बुला लेता।
लखनऊ, दिल्ली और कोलकाता में बुलाकर बनाए संबंध
महिला ने आरोप लगाया कि मोहम्मद कैफ ने लखनऊ, दिल्ली और कोलकाता में कई महीने तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। 11 सितंबर 2023 को गाजियाबाद में दोनों की पहली मुलाकात हुई थी। इसके बाद दिल्ली में खेलने के दौरान कैफ ने कई बार महिला को होटलों में बुलाया। शादी की बात करने पर उसे कोलकाता बुलाया गया, जहां एक होटल में शारीरिक संबंध बने।

IPL ऑक्शन के बाद शादी का वादा
महिला का दावा है कि क्रिकेटर ने IPL ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही थी और इसके लिए कुरान की कसम भी खाई थी। 11 अक्टूबर 2024 को जब बंगाल की रणजी टीम लखनऊ आई, तो मोहम्मद कैफ भी टीम के साथ था। उसने महिला को गोमतीनगर के होटल हयात बुलाकर शारीरिक संबंध बनाए। दिसंबर 2025 में IPL ऑक्शन के बाद शादी की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जनवरी 2026 में शादी के लिए दबाव बनाने पर कैफ ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी।
पॉडकास्ट में सुनाई आपबीती
महिला ने बताया कि जब उसने मोहम्मद कैफ के बड़े भाई मोहम्मद हसीब से शादी के बारे में बात की, तो उन्होंने पहले कहा कि कैफ से बात करके बताएंगे, लेकिन बाद में उसे हनी ट्रैपर कहने लगे। लगातार परेशान होने के बाद महिला ने 29 अप्रैल 2026 को एक स्पोर्ट्स चैनल के पॉडकास्ट पर अपनी आपबीती सुनाई। पॉडकास्ट के 10 दिन बाद 9 मई को मोहम्मद कैफ ने उसे फोन किया और पॉडकास्ट हटवाने के लिए कहा। परिवार से बात कर शादी का भरोसा दिया और दोबारा कोलकाता बुलाया, जहां फिर शादी का भरोसा देकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए गए।
अमरोहा में मिली धमकी
महिला के अनुसार, 18 मई को मोहम्मद कैफ ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। अगले दिन 19 मई को उसे अमरोहा में एक व्यक्ति के घर शादी की बातचीत के लिए बुलाया गया, जहां कैफ के बड़े भाई, उसकी मां और अन्य लोग मौजूद थे। बातचीत के दौरान उसे धमकाया गया। बड़े भाई हसीब ने कहा कि उनकी पहुंच बहुत ऊपर तक है और वह उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकती। 30 मई को जब महिला ने कैफ को पूरी घटना की जानकारी दी, तो उसने मदद नहीं की और शादी से इनकार कर दिया।
थाने से लेकर DCP तक की खटखटाई खिड़कियां
महिला ने पहले आशियाना थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कहा कि यह उनके क्षेत्राधिकार का मामला नहीं है। इसके बाद उसने विभूतिखंड थाने में तहरीर दी, क्योंकि जिस होटल में वह क्रिकेटर के साथ रुकी थी, वह विभूतिखंड थाना क्षेत्र में आता है। दोनों थानों पर सुनवाई नहीं होने के बाद महिला ने DCP ईस्ट, लखनऊ को तहरीर दी। उनकी तहरीर के बाद पूरे मामले की जांच ACP विभूतिखंड को सौंप दी गई है और महिला ने अपने बयान दर्ज करा दिए हैं।
न्याय की उम्मीद में लड़ रही महिला
महिला का कहना है कि मोहम्मद कैफ और उसके बड़े भाई उसे धमकियां दे रहे हैं और उसकी शिकायत किसी थाने में दर्ज नहीं की जा रही है। उसने कहा कि अगर वह आज सड़कों पर खड़ी होकर आवाज उठा रही है, तो इसका मतलब है कि उसके साथ गलत हुआ है। उसने पुलिस से मांग की है कि उसकी शिकायत दर्ज की जाए और जांच में अगर वह दोषी मिले तो उसे भी दंड मिले।
Also Read: पूर्वी दिल्ली के गांधीनगर में 4 मंजिला इमारत झुकी, खाली कराई गई बिल्डिंग

