‘370 रुपये बिरयानी’ विवाद में महाराष्ट्र साइबर पुलिस का एक्शन, प्रणित मोरे समेत कई लोगों पर दर्ज हुई FIR

Sandesh Wahak Digital Desk: ‘370 रुपये बिरयानी’ वाले विवाद में जाने-माने स्टैंड-अप कॉमेडियन और बिग बॉस फेम प्रणित मोरे की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

दरअसल, महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा, डॉ. सेजल पवार समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला महाराष्ट्र साइबर पुलिस के नोडल साइबर पुलिस स्टेशन में एफआईआर नंबर 36/2026 के तहत दर्ज किया गया है।

आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं और आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत कार्रवाई की गई है।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार को पूछताछ व बयान दर्ज कराने के लिए समन जारी किया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Pranit More

क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, प्रणित मोरे के क्राउड-वर्क शो की एक क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी, जिसमें ‘370 रुपये बिरयानी’ का जिक्र है।

वीडियो में हिमांशु जांगड़ा अपनी डेट का किस्सा सुनाते हुए महिलाओं को लेकर अश्लील और अभद्र टिप्पणियां करते दिखे।

आरोप है कि इस दौरान प्रणित मोरे ने उन्हें रोकने के बजाय समर्थन किया और आपत्तिजनक टिप्पणियों पर हंसते रहे, जिसके चलते वे भी आलोचनाओं के घेरे में आ गए।

इसके अलावा एक अन्य वीडियो में डॉ. सेजल पवार पर मेडिकल पढ़ाई के दौरान उपयोग होने वाले शवों और मृत व्यक्तियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे हैं।

माफी मांग चुके हैं आरोपी

विवाद बढ़ने के बाद प्रणित मोरे, हिमांशु जांगड़ा और डॉ. सेजल पवार सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं।

हालांकि, साइबर पुलिस का कहना है कि माफी के बावजूद कानून के तहत जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: तनु वेड्स मनु के फैंस के लिए खुशखबरी, तीसरे पार्ट की तैयारी शुरू, इसी साल शुरू होगी शूटिंग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.