गुजरात पर विवादित बोल: घिरे तो मल्लिकार्जुन खरगे ने मांगी माफी, बोले- जिम्मेदारी के साथ…
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा चुनाव के शोर के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अपने एक विवादित बयान को लेकर चौतरफा घिर गए हैं। गुजरात के लोगों की तुलना केरल के लोगों से करते हुए उन्हें ‘अनपढ़’ बताने वाले बयान पर बढ़ते विवाद को देख खरगे ने बुधवार को सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गुजरात के लोगों के प्रति उनके मन में हमेशा सर्वोच्च सम्मान रहा है।
क्या था पूरा विवाद?
रविवार को केरल के इडुक्की जिले में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने केरल के लोगों की साक्षरता की तारीफ की थी, लेकिन इसी दौरान उन्होंने गुजरात के लोगों पर कटाक्ष कर दिया। खरगे ने कहा था केरल के लोग पढ़े-लिखे और समझदार हैं। गुजरात के ‘अनपढ़’ लोगों के विपरीत, यहाँ के लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता।
बीजेपी का ‘अपमान’ वाला प्रहार
खरगे के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी ने इसे ‘अस्मिता’ से जोड़ते हुए कड़ा प्रहार किया। पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा जिस पद पर सरदार पटेल और नेहरू जैसे दिग्गज रहे, उस पर बैठा व्यक्ति ऐसी ‘बेशर्मी’ भरी भाषा का इस्तेमाल कैसे कर सकता है? प्रसाद ने पूछा कि क्या राहुल गांधी इस अपमानजनक टिप्पणी से सहमत हैं? उन्हें इसकी निंदा करनी चाहिए।
खरगे की सफाई और माफी
विवाद को बढ़ता देख और चुनावी नुकसान की आशंका को भांपते हुए मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को बयान जारी किया। उन्होंने कहा मेरे भाषण की कुछ टिप्पणियों को जानबूझकर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। फिर भी, मैं जिम्मेदारी के साथ खेद व्यक्त करता हूं। गुजरात के लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाना मेरा उद्देश्य कभी नहीं था। उन्होंने दोहराया कि गुजरात के प्रति उनका सम्मान हमेशा बना रहेगा।
Also Read: हाई कोर्ट ने संत रामपाल को देशद्रोह के मामले में दी जमानत, 11 साल बाद जेल से आएंगे बाहर

