बंगाल चुनाव के पहले चरण में भारी हिंसा, मुर्शिदाबाद में बमबाजी, हुमायूं कबीर और TMC कार्यकर्ताओं में भिड़ंत

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल की 152 सीटों पर हो रहे पहले चरण के मतदान के बीच कई जिलों से हिंसक झड़पें और तनाव की खबरें आ रही हैं। मुर्शिदाबाद के नौदा में बदमाशों ने मतदान शुरू होने से पहले देशी बमों से हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बमबाजी की सूचना पाकर आम जनता उन्नयन पार्टी के प्रमुख हुमायूं कबीर जब घटनास्थल पर पहुंचे, तो उन्हें भारी जनविरोध का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ चोर-चोर के नारे लगाए। टीएमसी कार्यकर्ताओं और हुमायूं कबीर के बीच तीखी बहस हुई। टीएमसी ने कबीर को बीजेपी का एजेंट करार दिया, जबकि कबीर ने टीएमसी पर चुनाव प्रभावित करने और रिश्वत बांटने का आरोप लगाया। स्थिति बिगड़ती देख केंद्रीय सुरक्षाबलों ने बीच-बचाव किया और हुमायूं कबीर को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला।

TMC को शून्य कर दूंगा: हुमायूं कबीर

विरोध से भड़के हुमायूं कबीर ने टीएमसी को खुली चुनौती देते हुए कहा, मुझे कोई नहीं रोक सकता। मैं पूरे मुर्शिदाबाद जिले में टीएमसी को शून्य कर दूंगा। टीएमसी ने मेरे प्रत्याशियों को चुनाव से हटाने के लिए रिश्वत देने की कोशिश की है।

सिलीगुड़ी में भी तनाव

मुर्शिदाबाद के अलावा सिलीगुड़ी में भी भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की खबरें मिली हैं। हालांकि, वहां तैनात सुरक्षाबलों ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए चुनाव आयोग ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा और कड़ी कर दी है। अर्धसैनिक बलों की एक अतिरिक्त कंपनी को तुरंत प्रभावित क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मतदान प्रक्रिया को बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: RS अधिकारी की बेटी की हत्या का आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, अलवर में दोस्त की पत्नी से किया था दुष्कर्म

Get real time updates directly on you device, subscribe now.