RS अधिकारी की बेटी की हत्या का आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, अलवर में दोस्त की पत्नी से किया था दुष्कर्म

Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस ने अमर कॉलोनी इलाके में एक 22 वर्षीय युवती की बेरहमी से हत्या करने वाले मुख्य आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को द्वारका के एक होटल से टेक्निकल सर्विलांस की मदद से पकड़ा गया। आरोपी ने न केवल हत्या और लूट की वारदात को अंजाम दिया, बल्कि इससे कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था।

पुलिस जांच और चश्मदीदों के अनुसार, राहुल को घर की हर बारीकी का पता था क्योंकि वह यहाँ 7-8 महीने तक नौकर रह चुका था। बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब युवती के माता-पिता जिम गए, राहुल ने लेटर बॉक्स में रखी चाबी से दरवाजा खोला। वह पिछले डेढ़ घंटे से पास के पार्क में छिपकर उनके निकलने का इंतजार कर रहा था।

राहुल ने सो रही युवती पर पहले लाठी से हमला किया और फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया। संघर्ष के निशानों से स्पष्ट है कि युवती ने अपनी जान बचाने की पूरी कोशिश की थी। हत्या के बाद आरोपी घर से कीमती सामान समेटकर फरार हो गया।

रंजिश की वजह, सट्टेबाजी और कर्ज

राहुल मीणा को करीब डेढ़ महीने पहले ही नौकरी से निकाला गया था। वह ऑनलाइन लूडो और सट्टेबाजी का आदी था। उसने बिलों में हेराफेरी की और पड़ोसियों से अधिकारी के नाम पर करीब 1.5 लाख रुपये का कर्ज ले लिया था। नौकरी जाने के बाद वह अपमानित महसूस कर रहा था और अधिकारी के परिवार से बदला लेना चाहता था।

RS अधिकारी की बेटी की हत्या का आरोपी राहुल मीणा गिरफ्तार, अलवर में दोस्त की पत्नी से किया था दुष्कर्म

दिल्ली में हत्या से पहले अलवर में दुष्कर्म

राहुल की आपराधिक मानसिकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दिल्ली पहुंचने से पहले वह अपने दोस्त को शादी में छोड़कर उसके घर पहुंचा और दोस्त की पत्नी के साथ बलात्कार किया। वहां से 190 किलोमीटर का सफर तय कर एक प्राइवेट एम्बुलेंस के जरिए वह तड़के दिल्ली पहुंचा। दिल्ली में हत्या को अंजाम देने के बाद उसने अपने फोन नष्ट कर दिए और इंस्टाग्राम के जरिए कजिन से संपर्क में रहा।

दिल्ली और राजस्थान पुलिस की संयुक्त जांच में कई अहम सुराग मिले। CCTV फुटेज में पीली टी-शर्ट और बैग टांगे राहुल को भागते हुए देखा गया। टेक्निकल सर्विलांस से इंस्टाग्राम मैसेंजर के जरिए उसके ठिकाने का पता चला। आरोपी के खिलाफ हत्या, बलात्कार और लूट की संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। डीसीपी (दक्षिण पूर्व) हेमंत तिवारी ने बताया कि फॉरेंसिक साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। पुलिस इस मामले में कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित करने के लिए फास्ट ट्रैक पैरवी करेगी।

Also Read: विशेष टीम गठित कर हो जमीनी विवादों का निस्तारण: सीएम योगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.