Mathura News: यमुना में नाव पलटी, पंजाब के 10 श्रद्धालुओं की मौत, सीएम योगी ने जताया दुख
Sandesh Wahak Digital Desk: वृंदावन में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा और हृदय विदारक हादसा हो गया। केसी घाट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक निजी नाव यमुना नदी में बने पांटून पुल से टकराकर पलट गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में पंजाब से आए 10 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
पांटून पुल से टकराकर पलटी नाव
घटना दोपहर उस वक्त हुई जब पंजाब के श्रद्धालुओं का एक दल यमुना पार कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वृंदावन और मान के बीच बने पांटून पुल से अनियंत्रित होकर नाव टकरा गई और देखते ही देखते गहरे पानी में समा गई। सूचना मिलते ही डीआईजी शैलेश कुमार पांडे और जिला प्रशासन की टीम गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंची। नाव पर करीब 25 लोग सवार थे। पुलिस ने 15 श्रद्धालुओं को रेस्क्यू कर बाहर निकाला, जिनमें से एक की हालत गंभीर है और उसे संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पंजाब से आया था श्रद्धालुओं का दल
जांच में सामने आया है कि लुधियाना (पंजाब) और मुक्तेश्वर से करीब 150 श्रद्धालुओं का एक बड़ा दल ब्रज भ्रमण पर आया था। ये सभी श्रद्धालु उसी दल का हिस्सा थे। जिस नाव में हादसा हुआ, वह एक निजी नाविक की थी। हादसे के बाद नाव भी पूरी तरह डूब गई, जिसकी तलाश जारी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा “जनपद मथुरा में नाव पलटने से हुई दुर्घटना में जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत कार्य संचालित करने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं।”
भारी भीड़ से बचाव कार्य में बाधा
हादसे के बाद केसी घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग जमा हो गए, जिससे रेस्क्यू टीम को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर घाट के एक हिस्से को खाली कराया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Also Read: कैसरगंज: नगर पंचायत को मिले तीन नए मनोनीत सभासद, एसडीएम ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ

