अखिलेश के पंडित वाले बयान पर मायावती का तंज, कहा- बसपा से घबराकर सपा बदल रही गिरगिट की तरह रंग

Lucknow News: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सपा के प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा जुबानी हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए मायावती ने सपा को गिरगिट की तरह रंग बदलने वाली पार्टी करार दिया। उन्होंने कहा कि बसपा सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय के आंबेडकरवादी सिद्धांत पर काम करती है, जबकि सपा चुनावी स्वार्थ के लिए अपनी नीतियों और नारों से बार-बार समझौता करती है।

बसपा प्रमुख ने कहा कि सपा द्वारा प्रचारित PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) में पहले ‘P’ का मतलब ‘पिछड़ा’ बताया जाता था। लेकिन अब जब ब्राह्मण समाज तेजी से बसपा के साथ जुड़ रहा है और पार्टी उन्हें उम्मीदवार बना रही है, तो सपा घबरा गई है। इसी बौखलाहट में अखिलेश यादव ने अब ‘P’ का अर्थ ‘पंडित’ बताना शुरू कर दिया है, जो उनके राजनीतिक छल और छलावे का स्पष्ट प्रमाण है। उन्होंने जनता को ऐसी राजनीति से सावधान रहने की सलाह दी।

इस पूरे विवाद की शुरुआत सपा प्रमुख अखिलेश यादव के उस बयान से हुई, जो उन्होंने जनेश्वर मिश्र की जयंती पर दिया था। भाजपा और विरोधियों पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा था कि PDA की अलग-अलग परिभाषा निकालने वाले समझ लें कि इसमें ‘P’ और ‘D’ का मतलब ‘पंडित’ का शॉर्ट फॉर्म है। उन्होंने यह भी कहा था कि जितनी पीड़ा दी जाएगी, PDA उतना ही मजबूत होगा। इस बयान को सपा द्वारा ब्राह्मण मतदाताओं को साधने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा था।

Also Read: बुमराह से हार्दिक तक, चोटों से जूझ रही टीम इंडिया, CoE में 13 खिलाड़ियों का चल रहा इलाज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.