…तो सांसद होते अजय राय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने लखनऊ में भाजपा पर साधा निशाना
Sandesh Wahak Digital Desk: पूर्व उप प्रधानमंत्री बाबू जगजीवन राम की जयंती की पूर्व संध्या पर शनिवार को उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम ‘नया उद्घोष’ बन गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार ने न केवल अपने पिता ‘बाबूजी’ को श्रद्धांजलि दी, बल्कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के संघर्ष की तुलना एक बड़ी ऐतिहासिक लड़ाई से कर दी।
“अजय राय एमपी होते…”: मीरा कुमार का बड़ा बयान
राजधानी के कांग्रेस दफ्तर में कार्यकर्ताओं के सैलाब को संबोधित करते हुए मीरा कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, “अजय राय सबसे बड़ी ताकत से टकराने का माद्दा रखते हैं। अगर टेक्नोलॉजी (EVM/तकनीकी व्यवस्था) में गड़बड़ी न हुई होती, तो आज अजय राय संसद में होते।” मीरा कुमार ने लखनऊ के इस जमावड़े को कांग्रेस की असली विचारधारा और ऊर्जा का सैलाब बताया।
“छुआछूत लक्षण है, बीमारी तो जाति-पात है”
अपने भावुक संबोधन में मीरा कुमार ने सामाजिक न्याय और जाति व्यवस्था पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि जैसे ‘अमरबेल’ जिस पेड़ पर फैलती है उसे सुखा देती है, वैसे ही जाति व्यवस्था ने हमारे समाज को सुखा दिया है। उन्होंने चेन्नई का एक पुराना किस्सा साझा किया, जहां एक नेता के घर उनके साथ अछूत जैसा व्यवहार हुआ और लोग सोच रहे थे कि उन्हें किस प्लेट में खाना दिया जाए। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है।
बाबूजी की विरासत और ‘सामाजिक न्याय’
मीरा कुमार ने बताया कि जगजीवन राम ने उन्हें सिखाया था कि अछूत परिवार में जन्म लेना एक सौभाग्य है, ताकि आप अन्याय के खिलाफ मजबूती से लड़ सकें। उन्होंने बाबूजी के अपमान की उस घटना को याद किया जब संपूर्णानंद की मूर्ति के अनावरण के दौरान उनके खिलाफ नारेबाजी हुई थी। उन्होंने बताया कि बाबूजी ने उसका जवाब बनारस में रविदास मंदिर बनवाकर दिया, जहां अब उच्च विचारों की पूजा होती है। उन्होंने बाबूजी के विचारों को उद्धृत करते हुए कहा कि “स्त्री का सम्मान करना ईश्वर के दर्शन से भी ऊपर है।”
दलित दिग्गजों का सम्मान
इस अवसर पर मीरा कुमार ने प्रदेश के कई दलित पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में प्रो. रतनलाल भी मौजूद रहे। मीरा कुमार ने उत्तर प्रदेश से अपने गहरे जुड़ाव (कानपुर और लखनऊ) का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी से कांग्रेस को बड़ी उम्मीदें हैं और सबको साथ मिलकर ही ‘इंकलाब’ लाना होगा।
Also Read: Meerut News: अपनों को खोने के गम में डूबा मखदूमपुर गंगा घाट, NDRF ने निकाले तीन युवकों के शव

