‘PDA को जिताएंगे, संविधान को बचाएंगे’, अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मिशन-2027 के लिए अपने कैडर को ‘युद्ध स्तर’ पर सक्रिय कर दिया है। शनिवार को जारी एक कड़े संदेश में उन्होंने पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) युवाओं को ‘संविधान बचाने’ का संकल्प दिलाते हुए भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोलने का आह्वान किया। वहीं, अपने पैतृक गांव सैफई के पास एक बड़े ड्रोन के गिरने की घटना पर उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

‘चुनावी घुसपैठियों को खदेड़ेंगे PDA युवा’

अखिलेश यादव ने आगामी चुनावों को देखते हुए युवाओं को सचेत और सतर्क रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि पीडीए युवा इस बार भाजपा की किसी भी ‘जालसाजी’ को सफल नहीं होने देंगे। उन्होंने ‘चुनावी घुसपैठियों’ (बाहरी राज्यों से आने वाले फर्जी वोटर) को पकड़कर सबूत के साथ पुलिस के हवाले करने का टास्क दिया है। उन्होंने आगाह किया कि भाजपा कार्यकर्ता युवाओं को उकसाने की कोशिश करेंगे, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं को अपना आपा नहीं खोना है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ काम करना है।

सैफई में ड्रोन गिरने से अफरा-तफरी, अखिलेश ने मांगा मुआवजा

इटावा जिले के सैफई इलाके के नंदपुर गांव में एक गेहूं के खेत में अचानक बड़ा ड्रोन गिरने से हड़कंप मच गया। इस घटना पर अखिलेश यादव ने तीखी प्रतिक्रिया दी। अखिलेश ने कहा कि ग्रामीण इस ड्रोन को ‘भटकी हुई मिसाइल’ समझकर दहशत में आ गए। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर यह सरकारी टेस्ट था, तो पहले सूचना क्यों नहीं दी गई? अगर यह किसी बस्ती पर गिरता तो जान-माल की भारी हानि हो सकती थी। सपा प्रमुख ने मांग की है कि किसान के खेत में हुए आर्थिक नुकसान और मानसिक आघात का आकलन कर सरकार तुरंत मुआवजा दे।

सैफई हवाई-पट्टी की उपेक्षा पर वार

अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा सरकार में कोई भी परीक्षण सफल नहीं हो पा रहा है। सैफई की जनता कह रही है कि जो भाजपाई एक ड्रोन नहीं उड़ा पा रहे, वे सैफई की उस हवाई-पट्टी से जहाज क्या उड़ाएंगे, जिसे राजनीतिक द्वेष के कारण उपेक्षित छोड़ दिया गया है।

Also Read: …तो सांसद होते अजय राय, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने लखनऊ में भाजपा पर साधा निशाना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.