लखनऊ में योग जागरूकता वाहन रैली से दिया सेहत का संदेश
Lucknow News: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के मद्देनजर राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में योग को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। यहाँ उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के तत्वावधान में एलडीए, आशियाना इलाके में सुबह 6 बजे एक भव्य योग जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष और समिति के संरक्षक संजय गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली आशियाना के जोनल पार्क से शुरू होकर क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों, पार्कों और बाजारों से गुजरते हुए वापस अपने प्रस्थान बिंदु पर आकर संपन्न हुई।
महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़ाया उत्साह
इस जागरूकता रैली में समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं, बुजुर्गों, स्थानीय व्यापारियों, युवाओं और सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। रैली के दौरान महिलाओं ने सुंदर योग गीतों के माध्यम से घर-घर जाकर लोगों को अपनी दैनिक दिनचर्या में योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से आदर्श योग समिति के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह गौर, उपाध्यक्ष व गीता चैरिटी ट्रस्ट फाउंडेशन के सचिव योगाचार्य सुनील मौर्य और क्षेत्रीय पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी मौजूद रहे।
रैली के शुभारंभ के अवसर पर बोलते हुए मुख्य अतिथि संजय गुप्ता ने कहा, उत्तम स्वास्थ्य मानव जीवन की सबसे बड़ी निधि (पूंजी) है। यदि आपका स्वास्थ्य अच्छा नहीं है, तो जीवन में पैसा और पावर सब बेकार साबित होते हैं। उन्होंने आगे कहा कि ईश्वर ने हमारे शरीर के भीतर ही एक प्राकृतिक अस्पताल की व्यवस्था की है। संयमित खानपान, अनुशासित दिनचर्या और नियमित योग के माध्यम से हम शरीर के प्रत्येक अंग को स्वस्थ रख सकते हैं और गंभीर बीमारियों पर नियंत्रण पा सकते हैं।

21 जून को मल्टी एक्टिविटी सेंटर में होगा महा-आयोजन
उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति के अध्यक्ष डॉ. संदीप सिंह गौर ने आगामी योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आशियाना के मल्टी एक्टिविटी सेंटर में एक विशाल योग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में लगभग 2000 योगाभ्यासी एक साथ योग करेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में और व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होकर लोगों के साथ योगाभ्यास करेंगे।
इस सफल आयोजन में कोषाध्यक्ष रितेश खरबंदा, सलाहकार योगेंद्र सिंह चंदेल, मीडिया प्रभारी राजेश श्रीवास्तव, बेबी मौर्य, भानु प्रताप सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर संजय मिश्रा, राजा राम शर्मा, योगाचार्य लक्ष्मी दत्त चौबे, हंसा चौबे सहित सैकड़ों स्थानीय नागरिकों और योग प्रेमियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
Also Read: बेटी पर आपत्तिजनक पोस्ट पर बोलीं डिंपल यादव, राम मंदिर चढ़ावा चोरी से ध्यान भटकाने की साजिश

