मोदी-ट्रंप होंगे आमने-सामने! फ्रांस दौरे में होगी अहम मुलाकात, G-7 मंच पर दुनिया की नजर

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह दिवसीय विदेश दौरे पर फ्रांस और स्लोवाकिया के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरे का सबसे चर्चित पहलू फ्रांस में होने वाली उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से संभावित मुलाकात मानी जा रही है। इसके अलावा पीएम मोदी G-7 शिखर सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे, जहां दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी।

यह दौरा सिर्फ कूटनीतिक नहीं, बल्कि तकनीक, निवेश, रक्षा और वैश्विक साझेदारी के लिहाज से भी बेहद अहम माना जा रहा है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ पीएम मोदी की विस्तृत बातचीत होने वाली है, जिसमें दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर फोकस रहेगा।

फ्रांस में टेक्नोलॉजी और रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

PM Modi France Visit: दौरे के पहले चरण में प्रधानमंत्री मोदी नाइस में राष्ट्रपति मैक्रों के साथ ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन करेंगे। यह कार्यक्रम भारत-फ्रांस इनोवेशन ईयर के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम, डीप टेक, स्पेस, डिफेंस, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और क्लीन एनर्जी सेक्टर की उपलब्धियों को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।

रवाना होने से पहले जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि फ्रांस भारत की रणनीतिक प्राथमिकताओं में विशेष स्थान रखता है और दोनों देशों के बीच संबंध अब ‘स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप’ के स्तर तक पहुंच चुके हैं।

G-7 Summit में ट्रंप से मुलाकात पर टिकी नजर

16 और 17 जून को आयोजित होने वाले G-7 Summit में प्रधानमंत्री मोदी हिस्सा लेंगे। लगातार आठवीं बार भारत को इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन के दौरान कई राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

सबसे ज्यादा चर्चा मोदी-ट्रंप मुलाकात को लेकर है। व्हाइट हाउस इस मुलाकात की पुष्टि कर चुका है। ऐसे समय में यह बैठक और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जब रूस से तेल खरीद, वीजा नीतियों और वैश्विक भू-राजनीतिक मुद्दों को लेकर भारत-अमेरिका संबंधों पर लगातार चर्चा हो रही है।

स्लोवाकिया में बनेगा नया इतिहास

फ्रांस दौरे के बाद पीएम मोदी स्लोवाकिया जाएंगे। 1993 में चेकोस्लोवाकिया के विभाजन के बाद यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली आधिकारिक स्लोवाकिया यात्रा होगी। यहां राष्ट्रपति पीटर पेल्लेग्रिनी और प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको के साथ द्विपक्षीय वार्ता होगी। साथ ही दोनों देशों के उद्योग और व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठकें होंगी।

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी पेरिस में आयोजित होने वाले यूरोप के सबसे बड़े टेक और स्टार्टअप इवेंट ‘VivaTech 2026’ में शामिल होंगे, जहां भारत इस बार सबसे बड़े राष्ट्रीय पवेलियन के साथ अपनी मौजूदगी दर्ज कराएगा।

Also Read: लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ होंगे देश के नए सेना प्रमुख, 30 जून को संभालेंगे कमान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.