UP विधान परिषद में अब मो. जासमीर अंसारी होंगे नेता प्रतिपक्ष, अखिलेश यादव ने लगाई मुहर

UP News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बड़ी खबर सामने आई है। समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद में अपने नेतृत्व में बदलाव किया है। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मो. जासमीर अंसारी (Mohd. Jasmeer Ansari) के नाम पर नेता प्रतिपक्ष (LoP) के लिए मुहर लगा दी है। वह मौजूदा नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव की जगह जिम्मेदारी संभालेंगे।

पार्टी के इस फैसले के बाद सपा खेमे में हलचल तेज हो गई है। जासमीर अंसारी (Jasmeer Ansari) के चयन को आगामी राजनीतिक समीकरणों और विधान परिषद में पार्टी की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह नई जिम्मेदारी संभालेंगे।

कौन हैं Mohd. Jasmeer Ansari?

मो. जासमीर अंसारी मूल रूप से सीतापुर (Sitapur) के रहने वाले हैं। वह लहरपुर विधानसभा सीट से दो बार विधायक रह चुके हैं और नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। मौजूदा समय में वह समाजवादी पार्टी के MLC हैं। जुलाई 2024 में उन्हें विधान परिषद में उपनेता बनाया गया था।

अखिलेश यादव की मंजूरी के बाद अब उन्हें उच्च सदन में विपक्ष की कमान सौंपी जा रही है। पार्टी नेतृत्व ने उनके वरिष्ठता और सांगठनिक अनुभव को भी फैसले का आधार बताया है।

सीतापुर से लखनऊ तक सपा खेमे में उत्साह

जासमीर अंसारी को नई जिम्मेदारी मिलने की खबर के बाद सीतापुर से लेकर लखनऊ तक सपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। कार्यकर्ताओं ने पार्टी नेतृत्व के फैसले का स्वागत किया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई।

विधान परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी में अभी लाल बिहारी यादव को नेता प्रतिपक्ष और जासमीर अंसारी (Jasmeer Ansari) को उपनेता बताया गया है, इसलिए नई नियुक्ति की औपचारिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद रिकॉर्ड अपडेट होना बाकी है।

Also Read: निर्वाचन आयोग में आंतरिक मतभेद पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, सुप्रीम कोर्ट से संज्ञान लेने की मांग

Get real time updates directly on you device, subscribe now.