प्रेमजाल, धर्म परिवर्तन और 30 लाख की ठगी, भाजपा नेत्री के आरोप से मचा हड़कंप
Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर की एक भाजपा महिला नेता ने एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला का दावा है कि मोरना निवासी अशफाक नाम के व्यक्ति ने अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को राजीव बालियान उर्फ राजू बताया और इसी बहाने उसे प्रेमजाल में फंसा लिया।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में धर्म परिवर्तन कराया गया और लाखों रुपये की ठगी भी की गई। मामले को लेकर महिला ने हिंदू संघर्ष समिति के संयोजक नरेंद्र पंवार के साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से मुलाकात कर शिकायत दर्ज कराई है।
खुद को अनाथ बताकर जीता भरोसा
पीड़ित महिला के अनुसार वह मूल रूप से मुजफ्फरनगर की रहने वाली है और वर्तमान में नोएडा में रहती है। उसने बताया कि वर्ष 2016 में मेरठ रोड स्थित एक रिजॉर्ट में उसकी मुलाकात आरोपी से हुई थी। आरोपी ने खुद को अनाथ बताकर उसका विश्वास जीता और वर्ष 2017 में शादी का प्रस्ताव रखा।
महिला का आरोप है कि आरोपी ने खुद को पहले से शादीशुदा बताते हुए कहा कि वह हिंदू रीति-रिवाजों से दूसरी शादी नहीं कर सकता। इसके बाद रुड़की के कलियर शरीफ में मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह किया गया। महिला का कहना है कि इस दौरान आरोपी ने अपना नाम अशफाक और उसका नाम नूरजहां दर्ज कराया।
जांच में जुटी पुलिस
महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने मकान निर्माण के नाम पर उससे करीब 30 लाख रुपये ले लिए। साथ ही उसने यह भी दावा किया कि आरोपी ने धोखे से उसे मांस खिलाया। पीड़िता का कहना है कि आरोपी सोशल मीडिया पर हिंदू धार्मिक व्यक्तियों और प्रमुख नेताओं के साथ तस्वीरें लगाकर खुद को हिंदू के रूप में पेश करता है और इसी तरह अन्य महिलाओं को भी गुमराह करता है।
महिला ने आरोपी और उसके परिवार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है और सच्चाई सामने लाने की कोशिश में जुटी है।

