जांघों पर 6 करोड़ की चरस, साड़ी में छिपाकर ले जा रही थीं नेपाली महिलाएं, ट्रेन में DRI ने पकड़ा

Gorakhpur Charas Seizure: गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो नेपाली महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से करीब 6.078 किलोग्राम चरस बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई गई है। दोनों महिलाएं बिहार से लुधियाना जा रही जननायक एक्सप्रेस (Jannayak Express) में सफर कर रही थीं।

DRI को सूचना मिली थी कि बिहार से आने वाली ट्रेन के जरिए मादक पदार्थ की खेप ले जाई जा रही है। इसी आधार पर गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की जांच की जा रही थी। संदेह होने पर टीम ने दो महिलाओं को रोककर तलाशी ली। उनके पास से 12 पैकेटों में रखा काला पदार्थ बरामद हुआ, जिसकी जांच में चरस की पुष्टि हुई।

साड़ी के नीचे छिपाकर ले जा रही थीं खेप

DRI के मुताबिक, दोनों महिलाओं ने चरस (Charas) को शरीर पर छिपाकर रखा था और ऊपर से साड़ी पहन रखी थी। तलाशी के दौरान 12 पैकेट बरामद किए गए। कार्रवाई के बाद दोनों को NDPS Act, 1985 के तहत गिरफ्तार कर चरस जब्त कर ली गई। मामले में आगे की जांच जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, बरामद चरस नेपाल से लाई गई थी और इसे पंजाब के लुधियाना में खपाने की तैयारी थी। DRI पहले भी गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन यात्रियों के जरिए नेपाल से लाई गई चरस की तस्करी के मामलों में कार्रवाई कर चुकी है। 3 सितंबर को भी DRI ने गोरखपुर में करीब 5 किलो चरस बरामद कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।

सितंबर में लगातार कार्रवाई

DRI के अनुसार, सितंबर में अब तक चरस (Charas) की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं। विभाग मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए रेल, सड़क और हवाई मार्गों पर खुफिया सूचना के आधार पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। DRI के आधिकारिक विवरण के मुताबिक, एजेंसी NDPS Act समेत संबंधित कानूनों के तहत तस्करी के मामलों में जांच और कार्रवाई करती है।

Also Read: एटा: खेत में चल रहा था फर्जी मेडिकल कॉलेज, चायवाला था मालिक, 4 साल में बांट दी सैकड़ों डिग्रियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.