Bareilly News: वाहन चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह के 9 शातिर गिरफ्तार, 12 बाइकें बरामद
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना देवरनिया पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 9 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, मास्टर-की (Master Key) समेत 12 चाबियों का गुच्छा, 3 मोबाइल फोन और 6,000 रुपये नगद बरामद किए हैं। यह कार्रवाई बरेली-नैनीताल हाईवे पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान से समय करीब तड़के 03:20 बजे की गई।
गश्त के दौरान हत्थे चढ़े गिरोह के 3 सदस्य
घटना का खुलासा करते हुए देवरनिया पुलिस ने बताया कि 3 अगस्त 2026 की रात शांति व्यवस्था व चेकिंग अभियान के दौरान बरेली-नैनीताल रोड पर बिना नंबर प्लेट की एक संदिग्ध बाइक को रोका गया। बाइक सवार तीनों व्यक्ति घबराकर भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें पुलिस टीम ने तत्परता से पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में रोहित (उधमसिंह नगर), गोविंद (उधमसिंह नगर) और अशोक (शीशगढ़, बरेली) शामिल हैं। जब बिना नंबर की बाइक को ऐप के जरिए चेक किया गया तो उसका वास्तविक नंबर UK18N7383 (काशीपुर, उत्तराखंड निवासी सत्यवीर सिंह राणा की) निकला, जो जसपुर थाने से चोरी दर्ज थी।
हाईवे के पास खंडहर में छिपा रखी थीं गाड़ियां
सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूला कि वे 9 लोगों का गिरोह बनाकर मौज-मस्ती और नशा करने के लिए बाइक चोरी करते हैं। उन्होंने बताया कि चोरी की गई अन्य गाड़ियों को वसुपुरा ढाल के आगे हाईवे किनारे खाली खंडहर में छिपाया गया है। पुलिस ने तत्काल छापेमारी कर खंडहर से 11 और मोटरसाइकिलें बरामद कीं और मौके पर मौजूद 6 अन्य साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित पुत्र रामपाल (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), गोविंद पुत्र हरपाल (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), अशोक पुत्र कांताप्रसाद (शीशगढ़, बरेली), रविंद्र पुत्र राजपाल (शीशगढ़, बरेली), रवि पुत्र कृष्णपाल (शीशगढ़, बरेली), टीकाराम पुत्र राजू (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड), रोहित पुत्र कुंवरपाल (शीशगढ़, बरेली), रवि पुत्र प्रेमपाल (बहेड़ी, बरेली) और अरुण पुत्र गोपाल (उधमसिंह नगर, उत्तराखंड) शामिल हैं।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे मास्टर-की की मदद से लॉक खोलकर बाइक उड़ा लेते थे। इसके बाद खंडहर में ले जाकर ग्राइंडर से वाहनों के चेसिस नंबर मिटा देते थे ताकि पहचान न हो सके। फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गाड़ियों को असली बताकर राह चलते सीधे-सादे लोगों को सस्ते दामों में बेच देते थे। बरामद मोटरसाइकिलों में से कई गाड़ियां बरेली के शेरगढ़, बहेड़ी, शीशगढ़, रामपुर के कैमरी और उत्तराखंड के जसपुर थानों से चोरी की गई थीं। थाना देवरनिया पर आरोपियों के खिलाफ धारा 317(2), 317(5), 318(4), 338, 336(3), 340(2) व 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है। थाना प्रभारी आशुतोष द्विवेदी, वरिष्ठ उप-निरीक्षक विपिन तोमर, उप-निरीक्षक मुकेश कुमार, उप-निरीक्षक पुष्पेंद्र शर्मा व हमराही पुलिस बल।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: पाकिस्तान में तख्तापलट की अटकलें तेज, कंटेनरों से सील हुआ इस्लामाबाद, मुनीर पर उठे सवाल

