Bareilly News: सीएम योगी को गाली देने वाला आरोपी गिरफ्तार, डायल 112 पर कॉल कर दी थी धमकी

Bareilly News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और गाली-गलौज करने के मामले में बरेली की थाना भोजीपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद अदालत के समक्ष पेश किया है।

मामला 31 जुलाई, 2026 की देर रात का है। पुलिस कंट्रोल रूम के इवेंट नंबर पर समय रात करीब 11:07 बजे अनिल कुमार नामक व्यक्ति ने कॉल की। कॉल के दौरान उसने मुख्यमंत्री के प्रति अत्यंत अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बार-बार पुलिस सहायता की मांग कर गुमराह करने का प्रयास किया।

मामले की जांच उप-निरीक्षक (SI) पुष्पेंद्र सिंह द्वारा की गई, जिसमें आरोप पूरी तरह सत्य पाए गए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना भोजीपुरा में धारा 351(2), 352 और 196 BNS (भारतीय न्याय संहिता) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह के कुशल नेतृत्व में शांति व्यवस्था एवं वांछित अपराधियों की तलाश में जुटी उप-निरीक्षक सुशील कुमार और कांस्टेबल सोनू कोरी की टीम ने 4 अगस्त को त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी अपने जुर्म पर माफी मांगता नजर आया।

गिरफ्तार आरोपी अनिल कुमार पुत्र नत्थूलाल घंघोरा पिपरिया रोड (मॉडर्न विलेज, बिशप कॉनराड स्कूल के पास), थाना भोजीपुरा, जनपद बरेली का रहने वाला है। आरोपी पहले से भी आपराधिक वारदातों में संलिप्त रहा है और उसके खिलाफ इज्ज़तनगर थाने में भी गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Bareilly News: वाहन चोरों के अंतरराज्यीय गिरोह के 9 शातिर गिरफ्तार, 12 बाइकें बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.