Ram Mandir Donation Controversy: राम मंदिर दान विवाद सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, CJI से स्वतंत्र जांच की मांग
Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में दान राशि की कथित चोरी और वित्तीय गड़बड़ियों का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है।
इस प्रकरण में शीर्ष अदालत से स्वतः संज्ञान लेने और स्वतंत्र जांच कराने की मांग की गई है।
वकील अनूप अवस्थी ने मामले को लेकर सीजेआई सूर्य कांत से गुहार लगाई है। याचिका में आरोप लगाया गया है कि मंदिर में आने वाली दान राशि के प्रबंधन में अनियमितताएं हुई हैं, जिससे श्रद्धालुओं के विश्वास पर असर पड़ सकता है।
याचिकाकर्ता ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष व स्वतंत्र जांच के निर्देश देने की मांग की है।
हालांकि, इस पर तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए CJI सूर्य कांत ने स्पष्ट किया कि किसी भी मामले की मौखिक मेंशनिंग न की जाए।
उन्होंने वकीलों से कहा कि वे इस संबंध में लिखित नोट दाखिल करें, जिसके बाद अदालत यह तय करेगी कि मामले में आगे क्या कार्रवाई आवश्यक है।
मुख्य न्यायाधीश ने यह भी कहा कि फिलहाल अदालत जमानत याचिकाओं, व्यक्तिगत स्वतंत्रता और उनसे जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर सूचीबद्ध कर रही है।
अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि लिखित आवेदन के बाद सुप्रीम कोर्ट इस संवेदनशील मामले में कोई निर्देश देता है या नहीं।

