पीलीभीत में 62 हजार रुपये मजदूरी मांगी तो भड़का ठेकेदार, डीजल डालकर मजदूर को जलाया

Pilibhit News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बकाया मजदूरी मांगना एक मजदूर को भारी पड़ गया। आरोप है कि ठेकेदार और उसके दो बेटों ने पहले रामदास के साथ मारपीट की, फिर डीजल डालकर उनके शरीर में आग लगा दी। गंभीर रूप से झुलसे रामदास का बरेली के निजी मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। पुलिस ने ठेकेदार राजेश और उसके दो बेटों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गुरुग्राम ले जाकर कराई थी मजदूरी

गांव भीकमपुर निवासी रामदास करीब एक साल पहले अपने तीन बेटों के साथ ठेकेदार राजेश के कहने पर गुरुग्राम गए थे। वहां इंटरलॉकिंग प्लांट में उन्होंने मजदूरी की थी। आरोप है कि उनकी करीब 62 हजार रुपये की मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया। रामदास कई बार रुपये मांग चुके थे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया।

बाद में रामदास ने हाईवे किनारे पान-गुटखा की दुकान शुरू कर ली थी। शुक्रवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर लौटते समय रास्ते में राजेश मिल गया। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर राजेश और उसके दोनों बेटों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।

चीख सुनकर पहुंचे लोग, आरोपी भागे

परिजनों के मुताबिक, आरोपियों ने रामदास पर डीजल डालकर आग लगा दी। उनकी चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी मौके से भाग गए। रामदास को पहले बिलसंडा सीएचसी, फिर जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें बरेली रेफर किया गया।

बिलसंडा थाना प्रभारी जगदीप मलिक ने बताया कि आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार इलाज का खर्च जुटाने में लगा है।

Also Read: सिद्धू मूसेवाला के करीबी पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग, देर रात चलीं 7-8 राउंड गोलियां 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.