बरेली SSP की पहल, साइबर अपराधों पर नकेल कसने के लिए थानों की शुरू हुई मंथली रैंकिंग सिस्टम
Bareilly News: जनपद में साइबर अपराधियों पर नकेल कसने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) बरेली अनुराग आर्य ने एक नई मूल्यांकन प्रणाली की शुरुआत की है। इसके तहत जिले के साइबर थाने समेत सभी 28 सिविल थानों के कामकाज की समीक्षा 14 तय मानकों और पोर्टल संकेतकों के आधार पर हर महीने की जाएगी।
इस नई व्यवस्था के तहत साइबर शिकायत दर्ज होने से लेकर संदिग्ध मोबाइल नंबरों की ब्लॉकिंग, मोबाइल बरामदगी (CEIR) और ठगी की रकम वापस कराने (MRM) तक की पूरी प्रक्रिया को 200 अंकों के आधार पर आंका जाएगा।
अच्छा काम करने पर बोनस, पेंडेंसी पर माइनस मार्किंग
मूल्यांकन को पारदर्शी और सख्त बनाने के लिए ऋणात्मक अंक (Negative Marking) का भी प्रावधान रखा गया है। यदि किसी थाने में MRM या GRM का केस पेंडिंग पाया जाता है, तो प्रति केस 1 अंक काटा जाएगा। वहीं, मोबाइल नंबर ग्रीवेंस पेंडिंग रहने पर प्रति केस 2 अंक की कटौती होगी।
1 अप्रैल 2025 से 8 सितंबर 2026 तक की रिपोर्ट
SSP बरेली द्वारा 1 अप्रैल 2025 से 8 सितंबर 2026 तक की अवधि की पहली विस्तृत समीक्षा की गई, जिसमें थानों की परफॉर्मेंस के आधार पर रैंकिंग जारी की गई।
टॉप 3 परफॉर्मर थाने
थाना किला– 145.08 अंक (रैंक 1)
थाना हाफिजगंज– 143.43 अंक (रैंक 2)
साइबर थाना बरेली– 142.13 अंक (रैंक 3)
सबसे खराब प्रदर्शन (निचले 3 थाने)
इज्जत नगर– 24.93 अंक (रैंक 29)
बारादरी– 58.84 अंक (रैंक 28)
कोतवाली– 68.61 अंक (रैंक 27)
टॉपर्स को नकद इनाम, फिसड्डी थानों को चेतावनी
एसएसपी अनुराग आर्य ने स्पष्ट किया है कि हर महीने होने वाले मूल्यांकन में शीर्ष पर रहने वाले थानों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि खराब प्रदर्शन करने वालों पर कार्रवाई होगी।
रैंक 1 पाने वाली पुलिस टीम को: 10,000 रुपये का नकद पुरस्कार
रैंक 2 पाने वाली टीम को: 7,500 रुपये का नकद पुरस्कार
रैंक 3 पाने वाली टीम को: 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार
वहीं, रैंकिंग में सबसे नीचे रहने वाले अंतिम 3 थानों (इज्जत नगर, बारादरी और कोतवाली) की टीमों को चेतावनी जारी कर दी गई है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: सिद्धू मूसेवाला के करीबी पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर फायरिंग, देर रात चलीं 7-8 राउंड गोलियां

