4 लाख की घूस लेते RDSO के दो अफसर गिरफ्तार, लखनऊ समेत कई ठिकानों पर CBI के छापे
RDSO Bribery Case: उत्तर प्रदेश में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने रेलवे से जुड़े रिसर्च डिजाइंस एंड स्टैंडर्ड्स ऑर्गनाइजेशन (RDSO) में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने RDSO के डिप्टी डायरेक्टर आशुतोष कुमार और सीनियर सेक्शन इंजीनियर दीपक कुमार को 4 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
इस मामले में कोलकाता की निजी कंपनी उत्कर्ष इंडिया लिमिटेड (Utkarsh India Limited) के दो प्रतिनिधि शशांक अग्रवाल और स्वरूप कुमार राय को भी गिरफ्तार किया गया है। चारों आरोपियों को हावड़ा के एक होटल से पकड़ा गया।
मशीनरी की जांच में अनुकूल रिपोर्ट का आरोप
CBI के मुताबिक, RDSO के दोनों अधिकारियों पर निजी कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर रिश्वत मांगने का आरोप है। आरोप है कि कंपनी की फैक्टरी में लगी मशीनरी और प्लांट के निरीक्षण के बाद अनुकूल रिपोर्ट जारी करने के बदले 4 लाख रुपये मांगे गए थे।
शिकायत मिलने के बाद CBI ने मामले की जांच शुरू की और जाल बिछाकर आरोपियों को रिश्वत लेते पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 4.73 लाख रुपये नकद भी बरामद हुए, जिसे जांच एजेंसी ने जब्त कर लिया है।
लखनऊ समेत कई जगहों पर छापेमारी
गिरफ्तारी के बाद CBI, कोलकाता की टीमों ने आरोपियों से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। लखनऊ के अलावा कोलकाता, बिहार के चंपारण और कैमूर में भी तलाशी अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है और CBI रिश्वतखोरी से जुड़े पूरे नेटवर्क तथा लेनदेन की जांच कर रही है।
Also Read: न प्रतियोगिता हुई, न मेडल मिला… फिर भी बांट दिए 1000 से ज्यादा सर्टिफिकेट, पुणे में खेल कोटा घोटाला

