राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में लिए गए कई बड़े फैसले, एक महीने बाद होगा नए CEO का चयन

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक में मंदिर के प्रशासन और संचालन से जुड़े कई बड़े फैसले लिए गए। करीब ढाई घंटे चली बैठक में तय हुआ कि ट्रस्ट का एक आधिकारिक प्रवक्ता नियुक्त किया जाएगा। वहीं, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) का चयन एक महीने बाद किया जाएगा। फिलहाल कृष्ण मोहन कार्यवाहक महासचिव बने रहेंगे। अगले चरण की बैठक 2 सितंबर को होगी, जिसमें नए महासचिव और CEO के नामों की घोषणा हो सकती है।

धार्मिक समिति का गठन, बैंक व्यवस्था पर भी चर्चा

बैठक में एक नई धार्मिक समिति के गठन को भी मंजूरी दी गई। समिति के अध्यक्ष गोविंद देवगिरी होंगे। इसके अलावा वासुदेवानंद सरस्वती, विश्वप्रसन्नतीर्थ, दिनेन्द्र दास, कमलनयनदास, राजकुमारदास, रामानंददास और मिथिलेश नंदनी शरण को समिति में शामिल किया गया है।

ट्रस्ट ने बैंकिंग व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर भी नाराजगी जताई। इस मामले की समीक्षा अब वित्तीय समिति करेगी और आवश्यक निर्णय लेगी। साथ ही मंदिर के अर्चकों के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने पर भी सहमति बनी।

CEO चयन प्रक्रिया जारी

चढ़ावा चोरी विवाद के बीच हुई इस बैठक में ट्रस्टी के तीन रिक्त पदों और CEO नियुक्ति पर भी चर्चा हुई। ट्रस्ट ने CEO पद के लिए 18 जुलाई तक आवेदन मांगे थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार 2,500 से 5,500 आवेदन मिले हैं, हालांकि ट्रस्ट ने आधिकारिक संख्या जारी नहीं की है।

चयन प्रक्रिया के लिए गठित विशेषज्ञ समिति में सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) विष्णुकांत चतुर्वेदी और NIT रायपुर के पूर्व अध्यक्ष सुरेश हवारे शामिल हैं। अंतिम नियुक्ति ट्रस्ट करेगा।

Also Read: PM मोदी छात्रों से मांगें माफी, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखीं तीन मांगें 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.