Shravasti News: दस माह की दुधमुंही बच्ची से दुष्कर्म, गम्भीर हालत में मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर
Shravasti News: श्रावस्ती जिले के थाना कोतवाली भिनगा क्षेत्र से मानवता को झकझोर देने वाली हैवानियत की घटना सामने आई है। यहां महज दस माह की दुधमुंही बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद से मासूम की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे पहले संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया है।
पुलिस के अनुसार घटना सोमवार शाम करीब 4:30 बजे की है। पीड़िता की मां घर में नहाने गई थी। इससे पहले वह अपनी तीन वर्षीय बेटी और दस माह की बच्ची को घर की छत पर टीनशेड के नीचे सुला गई थी। आरोप है कि इसी दौरान पट्टीदारी का 17 वर्षीय किशोर (जो रिश्ते में बच्ची का चाचा लगता है) छत पर पहुंच कर मासूम के साथ दुष्कर्म किया। बच्ची की चीख सुनकर मां दौड़कर छत पर पहुंची तो आरोपी मौके से भाग निकला। परिजन तत्काल बच्ची को लेकर संयुक्त जिला चिकित्सालय भिनगा पहुंचे, जहां से उसे मंगलवार सुबह मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पीड़िता के पिता की तहरीर पर भिनगा कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अपर पुलिस अधीक्षक चंद्रकेश सिंह ने बताया कि मामले में आरोपी किशोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है तथा विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह घटना पूरे जिले को झकझोर देने वाली है। इतनी छोटी मासूम के साथ हुई इस वारदात ने समाज में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट- माता प्रसाद वर्मा

