कोलकाता में निर्माणाधीन गोदाम की छत गिरी, मलबे में 40-45 मजदूरों के दबे होने की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम कोलकाता के तारातला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ एक निर्माणाधीन गोदाम की भारी-भरकम छत अचानक भरभराकर गिर गई, जिसके मलबे में करीब 40 से 45 मजदूरों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। घटना के वक्त निर्माण स्थल पर बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। हादसे की भयावहता को देखते हुए कोलकाता पुलिस, स्थानीय प्रशासन, सिविल डिफेंस और आपदा प्रबंधन समूह की टीमें युद्ध स्तर पर राहत और बचाव कार्य में जुट गई हैं।
गनीमत रही कि हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने भी मुस्तैदी दिखाई और बचाव कार्य शुरू कर दिया, जिसके चलते शुरुआती दौर में ही 6 से 7 लोगों को मलबे से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कोलकाता के तारातला ट्रांसपोर्ट डिपो के पास निर्माणाधीन गोदाम का शेड अचानक गिरा
आशंका जताई जा रही है कि मलबे में करीब 50 से 55 मजदूर फंस गए हैं pic.twitter.com/faInzZ3PjI
— AJAY (@ajaygautamm) June 24, 2026
क्रेन और भारी मशीनों से हटाया जा रहा है मलबा
हादसे की सूचना मिलते ही राज्य सचिवालय ‘नबान्न’ और कोलकाता प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। इस संकट की घड़ी में लोगों की मदद के लिए तुरंत आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम के 4 हेल्पलाइन नंबर 1070, 8697981070, 033 22143526, 033 22535185 जारी किए गए हैं।
कोलकाता पुलिस के अनुसार, मलबे से अब तक कई मजदूरों को निकाला जा चुका है, जिनमें से कई की हालत अत्यंत गंभीर है। सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। घटना स्थल पर बड़ी-बड़ी क्रेनें और आधुनिक मलबा हटाने वाली मशीनें बुलाई गई हैं ताकि गिरी हुई लोहे की भारी बीमों और भारी मलबे को तेजी से हटाया जा सके। मौके पर कोलकाता नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी और दमकल की कई गाड़ियां भी तैनात हैं, जो स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
Also Read: यात्रिगण कृपया ध्यान दें… दलाल से टिकट लेना पड़ सकता है भारी, स्कैनिंग के जाल में फंसे 11 यात्री

