Saharanpur News: पंचायत में उड़ी कानून की धज्जियाँ, युवक, उसके भाई और पिता की पिटाई के बाद मुंडवाए सिर
Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने सभ्य समाज को स्तब्ध कर दिया है। देहात कोतवाली क्षेत्र के गाँव कोल्की रांघड़ में एक पंचायत के दौरान तालिबानी फरमान सुनाते हुए आरोपी युवक, उसके भाई और पिता का सरेआम सिर मुंडवा दिया गया। इस शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, गाँव का एक युवक कुछ दिन पहले एक युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। लड़की के परिवार की शिकायत पर पुलिस ने युवती को बरामद कर परिजनों के हवाले कर दिया था। मामला कानूनी रूप से सुलझने के बाद भी दोनों पक्षों के बीच कड़वाहट खत्म नहीं हुई थी।
इसी तनाव को खत्म करने के लिए गाँव में एक पंचायत बुलाई गई थी। लेकिन पंचायत के दौरान युवती पक्ष के लोग उग्र हो गए और उन्होंने कानून को हाथ में लेते हुए युवक, उसके भाई और पिता के साथ न केवल मारपीट की, बल्कि मजबूर करके उनके सिर भी मुंडवा दिए।
सहारनपुर जिले के एक गांव में पंचायत में 3 युवकों के बाल मुंडवाकर पिटाई की गयी। आरोप है कि युवकों ने गांव की 2 नाबालिग लड़कियों को भगा ले गए थे। #saharanpur pic.twitter.com/nBCcu1QIw4
— Pawan Kumar Sharma (@pawanks1997) April 9, 2026
वायरल वीडियो में दिखी हैवानियत
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि कुछ लोग तीनों पीड़ितों के साथ गाली-गलौज कर रहे हैं और उनके बाल काट रहे हैं। इस दौरान पीड़ितों के साथ मारपीट भी की गई। हालाँकि, पुलिस वीडियो के आधार पर अब सख्त रुख अपना रही है।
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर बाल काटने वाले व्यक्तियों की पहचान कर ली है। इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गाँव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और स्थिति नियंत्रण में है।
Also Read: बंगाल में बोले पीएम मोदी- भय नहीं, अब भरोसा मिलेगा, हल्दिया की रैली से दीं 6 गारंटियां

