बंगाल में बोले पीएम मोदी- भय नहीं, अब भरोसा मिलेगा, हल्दिया की रैली से दीं 6 गारंटियां

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्दिया की धरती से ममता सरकार पर सीधा हमला बोला। जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ सत्ता बदलने का नहीं, बल्कि बंगाल के पुराने वैभव को फिर से लौटाने और विकसित बंगाल की नींव रखने का चुनाव है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि इसका पहला कदम राज्य की निर्मम सरकार की विदाई होगा। स्वतंत्रता सेनानी सतीश चंद्र सामंता को नमन करते हुए प्रधानमंत्री ने बंगाल की जनता के सामने 6 गारंटियों का संकल्प रखा।

पीएम मोदी की 6 बड़ी गारंटियां

भरोसा और कानून: राज्य में भय का माहौल खत्म कर जनता के बीच कानून का राज और भरोसा कायम किया जाएगा।

जवाबदेह सिस्टम: सरकारी तंत्र को जनता की सेवा के लिए पूरी तरह जिम्मेदार बनाया जाएगा।

न्याय की गारंटी: हर घोटाले, बेटियों के साथ हुए अन्याय और दुष्कर्म के मामलों की फाइलें फिर से खुलेंगी और दोषियों को सजा मिलेगी।

भ्रष्टाचार पर वार: भ्रष्टाचार करने वाला चाहे मंत्री हो या संतरी, उसे जेल जाना होगा। टीएमसी के किसी भी गुंडे को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।

शरणार्थियों को हक, घुसपैठियों को विदाई: शरणार्थियों को संविधान के तहत हर अधिकार मिलेगा, लेकिन घुसपैठियों को देश से बाहर खदेड़ा जाएगा।

7वां वेतन आयोग: भाजपा की सरकार बनते ही बंगाल के सभी सरकारी कर्मचारियों और शिक्षकों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू किया जाएगा।

सबका साथ-सबका विकास और लुटेरों का हिसाब

प्रधानमंत्री ने जनता से अपील की कि वे 23 अप्रैल को होने वाले मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और भाजपा उम्मीदवारों को विजयी बनाएं। उन्होंने कहा, हमारा मंत्र सबका साथ-सबका विकास है, लेकिन बंगाल में मेरा एक और वादा है- सबका साथ-सबका विकास और लुटेरों का पूरा हिसाब।

Also Read: अमेरिका में ट्रंप को अनफिट बताने पर मचा बवाल, उधर ईरान ने पलटा फैसला, बंद किया होर्मुज स्ट्रेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.