सिद्धार्थनगर में शादी के 24 घंटे बाद दूल्हा-दुल्हन की मौत, घर में फंदे से लटके मिले शव
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले से नवविवाहित दंपति की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शादी के करीब 24 घंटे बाद दूल्हा और दुल्हन के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
सोमवार को हुई थी दोनों की शादी
मामला बांसी कोतवाली क्षेत्र के जनियाजोत गांव का है। यहां रहने वाले देशराज चौहान और अनीता चौहान की शादी सोमवार 21 सितंबर को बांसी स्थित टेकधर बाबा मंदिर में हुई थी। बताया गया कि दोनों परिवारों की सहमति से यह विवाह हुआ था। शादी के बाद नवदंपति अपने घर लौट आए थे।
इसके अगले ही दिन मंगलवार को दोनों के शव घर के अंदर फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी सामने आते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। अनीता का मायका जोगिया कोतवाली क्षेत्र के कड़जहवा गांव में बताया गया है।
मौत की वजह अभी साफ नहीं
नवविवाहित दंपति की मौत के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि, दोनों ने यह कदम क्यों उठाया या घटना के पीछे क्या वजह थी, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है।
बांसी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए गए हैं और विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Also Read: यूपी के 4 टुकड़े करने के राजभर के दावे पर बृजभूषण का पलटवार, बताया चुनावी जुमला

