जौहर यूनिवर्सिटी बचाने के लिए चला हस्ताक्षर अभियान, छात्रों के भविष्य को लेकर उठी आवाज
Mohammad Ali Jauhar University: सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) उत्तर प्रदेश की ओर से मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, रामपुर को बचाने के समर्थन में बुधवार को हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। इस अभियान में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता सलाहउद्दीन और राष्ट्रीय महासचिव डॉ. संदीप पांडेय विशेष रूप से शामिल हुए। अभियान के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने विश्वविद्यालय को बचाने के समर्थन में हस्ताक्षर किए।

राजनीतिक रंजिश में दांव पर न लगे छात्रों का भविष्य
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सलाहउद्दीन ने कहा कि यह सही है कि मोहम्मद आजम खान की कोशिशों से यह विश्वविद्यालय अस्तित्व में आया, लेकिन इसके निर्माण में जनता का पैसा लगा है। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक रंजिश का असर छात्रों के भविष्य पर नहीं पड़ना चाहिए। उनके अनुसार यदि विश्वविद्यालय की इमारतों को गिराया जाता है तो इससे हजारों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा और शिक्षा से जुड़े लोगों की भावनाएं भी आहत होंगी।
सरकार निकाले बीच का रास्ता
सलाहउद्दीन ने सरकार से इस मुद्दे का शांतिपूर्ण और व्यावहारिक समाधान निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मंदिर को किसी भी कीमत पर नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए। उनका कहना था कि इस विश्वविद्यालय में सभी धर्मों और देश के विभिन्न राज्यों से छात्र शिक्षा प्राप्त करते हैं। ऐसे में यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि देश की शैक्षिक धरोहर और गौरव का प्रतीक है। पार्टी नेताओं ने सरकार से छात्रों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विश्वविद्यालय को सुरक्षित रखने की मांग की।
Also Read : Chandauli News: ANTF और स्थानीय पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 51 लाख की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार

