NEET विवाद पर अखिलेश यादव का हमला, बोले- पहले शिक्षा मंत्री हटें, फिर होगी बातचीत

Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को संसद के मकर द्वार पर विपक्षी सांसदों के साथ प्रदर्शन किया। यह विरोध NEET पेपर लीक, छात्रों के कथित उत्पीड़न और दिल्ली में छात्र प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ किया गया। मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि छात्रों को न्याय मिलने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।

‘पहले शिक्षा मंत्री इस्तीफा दें’

अखिलेश यादव ने कहा कि छात्र और उनके परिवार पेपर लीक तथा सरकार के रवैये से नाराज हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्या कारण है कि सरकार केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं ले रही। उन्होंने कहा कि पहले शिक्षा मंत्री पद छोड़ें, उसके बाद बातचीत और चर्चा हो। साथ ही छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार पर सरकार जवाब दे।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि NEET मामले में छात्रों को न्याय नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज किया गया, कई छात्र घायल हुए और छात्राओं के साथ भी गलत व्यवहार हुआ। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में देशभर में 150 से अधिक पेपर लीक हुए हैं, जबकि अकेले उत्तर प्रदेश में 20 से ज्यादा पेपर लीक की घटनाएं सामने आई हैं।

‘यह राजनीति नहीं, छात्रों का मुद्दा है’

अखिलेश यादव ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश के छात्रों और युवाओं का मुद्दा है। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों की बात नहीं सुनी गई तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। सपा प्रमुख ने यह भी कहा कि विपक्ष प्रधानमंत्री आवास इसलिए गया क्योंकि संसद में उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री संसद में इस मुद्दे पर बयान क्यों नहीं देते।

Also Read: PM मोदी छात्रों से मांगें माफी, राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रखीं तीन मांगें 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.