Sonbhadra News: दो क्विंटल गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, टैंकर में छिपाकर ले जा रहा था नशे की खेप

Sonbhadra News: एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की गोरखपुर यूनिट ने सोनभद्र पुलिस के सहयोग से करोड़ों रुपये की नशीली खेप के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए तेल टैंकर का सहारा लिया था, लेकिन सटीक सूचना के आधार पर एएनटीएफ ने रजखड़ घाटी के पास घेराबंदी कर 2 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर लिया।

एएनटीएफ मुख्यालय को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की बड़ी खेप आने की सूचना मिली थी। इस पर गोरखपुर यूनिट के प्रभारी निरीक्षक रमेश राम के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया और सोनभद्र के दुद्धी थानाक्षेत्र के रजखड़ घाटी हाथीनाला रोड के पास से रियाज अहमद (51 वर्ष) पुत्र मो. बशीर, निवासी रायबरेली को दबोच लिया।

पुलिस ने जब तेल टैंकर की तलाशी ली, तो उसमें गुप्त केबिन बनाकर छिपाया गया 227.18 किलोग्राम (अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1.14 करोड़) गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा 2 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 7,530 रुपये नगद भी मिला। पकड़े गए तस्कर रियाज अहमद ने पूछताछ में तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा किया।

रियाज रायबरेली के ही एक अन्य तस्कर के इशारे पर तेल टैंकर लेकर उड़ीसा जाता था। वहां से गांजा लोड कर वह रायबरेली पहुंचता था। रायबरेली से यह खेप वाराणसी और उसके आसपास के जनपदों में छोटे तस्करों को सप्लाई की जाती थी। इस काम के बदले उसे मोटी रकम मिलती थी, जिसे गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

इस मामले में थाना दुद्धी (सोनभद्र) में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इस ऑपरेशन में एएनटीएफ गोरखपुर के प्रभारी उप निरीक्षक रमेश राम, हेड कांस्टेबल शशिकान्त राय, दिव्यशंकर राय, उपेन्द्र यादव, दीपक वर्मा और रजनीश पाल शामिल रहे। एएनटीएफ मुख्यालय से हेड कांस्टेबल अजय यादव और दुद्धी थाना प्रभारी धर्मेन्द्र कुमार सिंह की टीम का भी विशेष सहयोग रहा।

Also Read: उड़ीसा से तस्करी करने वाले दो शातिर गिरफ्तार, 15 कुंतल गांजा बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.