कोलकाता से छात्रा का अपहरण कर जबरन धर्मांतरण और निकाह, शादीशुदा युवक समेत माता-पिता पर FIR

Bhadohi News: भदोही जिले की औराई पुलिस ने अदालत के कड़े रुख के बाद एक बड़ी कार्रवाई की है। कोलकाता से एक 23 वर्षीय छात्रा का अपहरण कर उसका जबरन धर्मांतरण कराने और निकाह करने के आरोप में एक युवक और उसके माता-पिता के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। आरोपी युवक पहले से शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है।

मूल रूप से भदोही के खमरिया निवासी दुर्गा प्रसाद साव वर्तमान में सपरिवार कोलकाता में रहते हैं। उनकी बेटी अंजलि, जो बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा है, 25 फरवरी, 2026 को स्कूल पढ़ाने गई थी लेकिन वापस नहीं लौटी। कोलकाता पुलिस की जांच में लोकेशन भदोही मिलने पर जब परिजन खमरिया पहुँचे, तो उन्हें पता चला कि शीबू अंसारी उर्फ शैब ने अंजलि का अपहरण कर लिया है।

पीड़ित पिता ने आरोप लगाया कि जब वे आरोपी के घर गए, तो शीबू के माता-पिता (सोहराब और रुखसाना) ने शादी की बात कहकर उन्हें भगा दिया। इसके बाद आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। कोलकाता और स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर पीड़ित ने अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) किरण कौर की अदालत में गुहार लगाई। अदालत के आदेश पर अब औराई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

एसपी अभिनव त्यागी के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ अपहरण, पहचान छिपाकर दूसरी शादी करने और आपराधिक धमकी देने की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अश्विनी कुमार त्रिपाठी को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और छात्रा की बरामदगी के निर्देश दिए गए हैं।

Also Read: हरिवंश नारायण सिंह लगातार तीसरी बार चुने गए राज्यसभा के उपसभापति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.