फैन की हरकत से घबराईं Sunanda Sharma, स्टेज पर मचा हड़कंप

Sandesh Wahak Digital Desk: गाजियाबाद के Raj Kumar Goel Institute of Technology में आयोजित वेलकम कार्यक्रम के दौरान उस वक्त अफरा-तफरी मच गई।

जब पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव परफॉर्मेंस के बीच एक छात्र स्टेज पर चढ़ गया और उनके पैर छूने की कोशिश करने लगा।

अचानक हुई इस घटना से सुनंदा शर्मा घबरा गईं और उन्होंने कार्यक्रम बीच में ही रोक दिया।

कॉलेज प्रबंधन के अनुसार, यह कार्यक्रम नए छात्रों के स्वागत के लिए आयोजित किया गया था, जिसमें सुनंदा शर्मा को करीब एक घंटे के परफॉर्मेंस के लिए आमंत्रित किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान जब दर्शक झूम रहे थे, तभी एक छात्र सुरक्षा घेरा तोड़ते हुए स्टेज पर पहुंच गया। स्थिति को असहज और सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील मानते हुए सुनंदा शर्मा ने परफॉर्मेंस बंद कर दिया और स्टेज से उतर गईं।

हालांकि, कॉलेज प्रशासन का कहना है कि घटना के समय तक कार्यक्रम लगभग समाप्ति की ओर था।

Sunanda Sharma

घटना के बाद सुनंदा शर्मा ने सोशल मीडिया पर सामने आकर अपने रुख को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि स्टेज शो के दौरान इस तरह की घटनाएं कभी-कभी हो जाती हैं और उन्होंने संबंधित छात्र को माफ कर दिया है।

साथ ही उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से भी छात्र के प्रति सहानुभूतिपूर्ण रवैया अपनाने की अपील की।

कॉलेज के डायरेक्टर ने बताया कि संबंधित छात्र बीटेक सेकेंड ईयर का है। छात्र की पहचान उजागर किए बिना मामले की जांच के लिए एक इंक्वायरी कमेटी गठित की गई है, जो यह पता लगाएगी कि घटना के पीछे क्या कारण थे और क्या किसी तरह की उकसावे की भूमिका रही।

सुनंदा शर्मा ने अपने वीडियो संदेश में कहा, “मैं मंच पर थी और अचानक एक छात्र स्टेज पर आ गया। किसी को समझ नहीं आया कि वह कैसे ऊपर पहुंचा। सभी डर गए थे और मैं भी।

सुरक्षा कारणों से कलाकारों को सतर्क रहना पड़ता है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं सभी से अनुरोध करती हूं कि उसे माफ कर दें। मैंने भी उसे माफ कर दिया है। प्यार जताने का तरीका शायद गलत था, लेकिन नीयत गलत नहीं थी।”

घटना के बाद कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं, हालांकि कॉलेज प्रबंधन ने भविष्य में ऐसे आयोजनों के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने का भरोसा दिया है।

Also Read: Tera Sai: संजय मिश्रा निभाएंगे साईं बाबा का किरदार, पलाश मुच्छल ने शुरू की आध्यात्मिक यात्रा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.