वैभव सूर्यवंशी की टेस्ट टीम में एंट्री की तैयारी? BCCI का मास्टर प्लान, 64 युवा खिलाड़ियों पर दांव
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टेस्ट क्रिकेट में हालिया नाकामियों के बाद रेड बॉल फॉर्मेट को दोबारा मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है।
2024 और 2025 में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में मिली हार के बाद बोर्ड ने युवा प्रतिभाओं को तराशने के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है।
यह पूरा प्लान बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) में तैयार किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी पूर्व भारतीय बल्लेबाज VVS Laxman के पास है।
इस योजना का मकसद ‘जनरेशन Z’ के खिलाड़ियों को लंबा फॉर्मेट खेलने के लिए तैयार करना और अगले दशक के लिए मजबूत टेस्ट टैलेंट पूल बनाना है।

जून-जुलाई में होगा इन्ट्रा-COE टूर्नामेंट
BCCI जून और जुलाई में इन्ट्रा-COE रेड बॉल टूर्नामेंट आयोजित करेगा। इसमें 25 साल से कम उम्र के 64 टॉप युवा क्रिकेटर हिस्सा लेंगे।
सभी मुकाबले चार दिवसीय होंगे, ताकि खिलाड़ियों को टेस्ट जैसी परिस्थितियों में खुद को साबित करने का मौका मिल सके।
इस टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे और समीर रिज्वी जैसे युवा खिलाड़ी भी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने IPL में पहले ही अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
64 खिलाड़ियों का चयन कैसे होगा?
- 25 खिलाड़ी (U-23): कूच बिहार (U-19) और सीके नायडू (U-22) ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के आधार पर, जूनियर चयन समिति द्वारा चुने जाएंगे।
- 25 खिलाड़ी (U-23 और U-25): रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन करने वाले, लेकिन IPL में शामिल न रहने वाले खिलाड़ी।
- 14 खिलाड़ी: IPL खेल रहे युवा सुपरस्टार, जिनमें वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे नाम शामिल हैं।
टूर्नामेंट का फॉर्मेट
64 खिलाड़ियों को चार टीमों में बांटा जाएगा। हर टीम 16 खिलाड़ियों की होगी और प्रत्येक टीम दो-दो चार दिवसीय मैच खेलेगी।
अलग-अलग पिच कंडीशंस पर मैच कराए जाएंगे, ताकि खिलाड़ियों की तकनीक और धैर्य की पूरी परीक्षा हो सके।
25 खिलाड़ियों को मिलेगा अगला बड़ा मौका
टूर्नामेंट के बाद 25 खिलाड़ियों का एक कोर ग्रुप तैयार किया जाएगा, जिसे इंडिया ए और भारत इमर्जिंग टीम में शामिल किया जाएगा।
ये खिलाड़ी शैडो टूर और विदेशी दौरे भी करेंगे।
BCCI की योजना के तहत IPL के बाद भारत की U-19 और इमर्जिंग (U-25) टीमें श्रीलंका दौरे पर जाएंगी, जहां चार दिवसीय टेस्ट मैच खेले जाएंगे।
सीनियर टीम मैनेजमेंट भी शामिल
इस पूरे रोडमैप को सीनियर चीफ सेलेक्टर Ajit Agarkar और हेड कोच Gautam Gambhir के साथ मिलकर तैयार किया गया है।
BCCI को उम्मीद है कि यह मास्टर प्लान भविष्य में टीम इंडिया को मजबूत टेस्ट बल्लेबाज और गेंदबाज देगा और रेड बॉल क्रिकेट में भारत की बादशाहत को फिर से स्थापित करेगा।
Also Read: IPL 2026: कब तक वापसी करेंगे हार्दिक पांड्या? सामने आया बड़ा अपडेट

