यूपी में 59 हजार करोड़ का अनुपूरक बजट पेश, ऊर्जा और उद्योग पर विशेष जोर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन 59,019.54 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया। वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने सदन में बजट प्रस्तुत करते हुए ऊर्जा, औद्योगिक विकास, स्वास्थ्य, कृषि और समाज कल्याण जैसे प्रमुख क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त वित्तीय प्रावधानों की घोषणा की। बजट पेश होने के दौरान सपा विधायकों ने जोरदार हंगामा किया, जिसका जवाब सत्ता पक्ष ने भी नारेबाजी से दिया।
किन क्षेत्रों को मिला सबसे ज्यादा
अनुपूरक बजट में सरकार ने ऊर्जा क्षेत्र के लिए 4,722 करोड़ रुपये तथा समाज कल्याण विभाग के लिए 1,655 करोड़ रुपये का अतिरिक्त प्रावधान किया है। सबसे बड़ा हिस्सा भारी एवं मध्यम उद्योग विभाग को मिला है, जिसके लिए करीब 20,905.88 करोड़ रुपये की पूंजीगत व्यवस्था की गई है, जबकि राजस्व मद में 130.30 करोड़ रुपये का प्रावधान है।
कृषि और स्वास्थ्य को भी मिली राहत
सरकार ने कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों पर भी खास ध्यान दिया है। कृषि विभाग को राजस्व मद में 132.38 करोड़ तथा पूंजीगत मद में 159 करोड़ रुपये (कुल 291.38 करोड़) का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के लिए 244.80 करोड़, पशुपालन के लिए 70 करोड़ तथा दुग्ध विकास, मत्स्य और भूमि विकास एवं जल संसाधन विभागों के लिए भी अतिरिक्त बजटीय व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में एलोपैथी चिकित्सा को सबसे अधिक प्राथमिकता दी गई है। इस मद में 1,100 करोड़ रुपये राजस्व तथा 96 करोड़ रुपये पूंजीगत व्यय (कुल 1,196 करोड़) का प्रावधान किया गया है। परिवार कल्याण के लिए 704.25 करोड़, सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए 60.65 करोड़ तथा आयुर्वेदिक एवं यूनानी चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के लिए भी अतिरिक्त धनराशि आवंटित की गई है। बजट में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग तथा मुद्रण एवं लेखन सामग्री से जुड़े पूंजीगत कार्यों के लिए भी अतिरिक्त वित्तीय प्रावधान किए गए हैं, जो राज्य में औद्योगिक विविधीकरण की दिशा में सरकार के प्रयासों को दर्शाता है।
चंदा चोर और टोटी चोर के नारों से गूंजा सदन
बजट पेश होने के दौरान विधानसभा में विपक्षी दलों का हंगामा जारी रहा। समाजवादी पार्टी के विधायक विभिन्न मुद्दों को लेकर वेल में पहुंच गए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। सपा सदस्यों ने ‘चंदा चोर कहां मिलेंगे, भाजपा के दफ्तर में’ के नारे लगाए, जिसके जवाब में भाजपा विधायकों ने ‘टोटी चोर कहां मिलेंगे, सपा के दफ्तर में’ के नारे लगाकर पलटवार किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सदन में मौजूद रहे।
सपा विधायक ने उठाए सवाल
सपा विधायक अतुल प्रधान ने अनुपूरक बजट पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार पहले यह बताए कि पूर्व में स्वीकृत बजट का कितना उपयोग हुआ। उन्होंने कहा, केवल नया बजट पेश करने से जनता की समस्याओं का समाधान नहीं होगा। सरकार को अपने पुराने दावों का भी जवाब देना चाहिए। वहीं सरकार का कहना है कि यह बजट राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार, औद्योगिक निवेश, स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और कृषि क्षेत्र को मजबूती देने पर केंद्रित है। वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बजट पेश करते हुए इसे विकासोन्मुखी और जनहितैषी बताया।
Also Read: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया फ्लाइट में तेज टर्बुलेंस, कई यात्री घायल, सुरक्षित लैंडिंग

