नोटिस का डर दिखाकर कृषि उत्पादन मंडी सचिव मांग रहे थे 1 लाख, एंटी करप्शन ने रंगेहाथ दबोचा

Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने खुर्जा कृषि उत्पादन मंडी समिति के सचिव नाहर सिंह को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद मंडी परिसर में हड़कंप मच गया और व्यापारियों के बीच पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही।

जानकारी के अनुसार, खुर्जा के कालिंदी कुंज निवासी आढ़ती अतुल गुप्ता नई मंडी में आढ़त और फ्लोर मिल का संचालन करते हैं। उनका आरोप है कि मंडी सचिव लगातार उनकी फर्म को नोटिस भेजकर लाइसेंस निरस्त करने की धमकी दे रहे थे। आरोप है कि मामले को खत्म करने और लाइसेंस बचाने के एवज में उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत मांगी गई।

 

बार-बार हो रही मांग और दबाव से परेशान होकर अतुल गुप्ता ने पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने मेरठ एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। शिकायत की जांच के बाद टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया और फिर आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

योजना के तहत एंटी करप्शन टीम ने शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर मंडी सचिव के पास भेजा। जैसे ही सचिव नाहर सिंह ने कृषि उत्पादन मंडी समिति कार्यालय में एक लाख रुपये लिए, पहले से मौजूद टीम ने उन्हें रंगेहाथ दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी नाहर सिंह मूल रूप से इटावा जिले के बलरई थाना क्षेत्र के नगला अमरोही गांव का रहने वाला है और वर्तमान में गाजियाबाद के वसुंधरा सेक्टर-16 में रह रहा था। गिरफ्तारी के बाद टीम ने उससे लंबी पूछताछ की और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

इससे पहले पकड़ा गया था कंप्यूटर ऑपरेटर

यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 18 जून को शिकारपुर कृषि उत्पादन मंडी समिति के कंप्यूटर ऑपरेटर जितेंद्र कुमार को भी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार किया था। उस मामले में आरोपी मंडी सचिव फरार हो गया था और उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया था।

खुर्जा के क्षेत्राधिकारी शोभित कुमार अत्री ने बताया कि एंटी करप्शन टीम आरोपी मंडी सचिव को थाने लेकर पहुंची है। टीम की ओर से तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: एक तस्वीर, जान से मारने की धमकी और फिर लाखों की लूट, Kanpur में ठगों का नया खेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.