एसएसपी गोरखपुर ने एक साथ 42 पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर, महकमे में हड़कंप
Gorakhpur News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर में पुलिस महकमे के भीतर अनुशासनहीनता और काम में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. कौस्तुभ ने जिले की कानून व्यवस्था को सख्त बनाने और फील्ड स्तर पर सुधार लाने के उद्देश्य से एक साथ 42 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। एसएसपी के इस बड़े ऐक्शन से पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रभावित होने वालों में 7 उप-निरीक्षक (SI), 1 हेड कांस्टेबल और 34 कांस्टेबल शामिल हैं।
टीपी नगर, यूनिवर्सिटी और कैंट चौकी प्रभारियों समेत 23 थानों के पुलिसकर्मी भेजे गए पुलिस लाइन
एसएसपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार टीपी नगर चौकी से दरोगा विजय प्रताप सिंह, यूनिवर्सिटी चौकी से गिरीश मिश्र, कैंट से शक्ति रंजन, गुलरिहा से अभिषेक कुशवाहा, हरपुर बुदहट से ओम प्रकाश, कैंपियरगंज से अमित सिंह और रामगढ़ताल से उपेन्द्र कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। वहीं गोरखनाथ थाने के हेड कांस्टेबल राजेश सिंह को भी पुलिस लाइन भेज दिया गया है। इसके अतिरिक्त कैंट, गोरखनाथ, शाहपुर, रामगढ़ताल, खोराबार, चिलुआताल, गीडा, सहजनवा, चौरीचौरा और बड़हलगंज समेत कुल 23 थानों में तैनात 34 सिपाहियों पर भी गाज गिरी है।
लापरवाही और उदासीनता पर सख्त संदेश
पुलिस महकमे में हुई इस बड़ी सर्जरी को कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की दिशा में कड़ा कदम माना जा रहा है। एसएसपी ने इस कार्रवाई के जरिए साफ हिदायत दी है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की ढिलाई या जनसमस्याओं के प्रति उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस कड़े फैसले के बाद से जिले भर के पुलिसकर्मियों में हड़कंप व्याप्त है और सभी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। चर्चा है कि आने वाले दिनों में सुस्त रवैया अपनाने वाले कुछ और पुलिसकर्मियों पर भी गाज गिर सकती है।
Also Read: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दे दिया इस्तीफा

