Baghpat News: DM मीटिंग में अचानक ‘मटरू’ की एंट्री से बदला माहौल, वीडियो हो गया वायरल
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रदेश के बागपत जिले के विकास भवन में किसान समाधान दिवस की बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी समेत अन्य अधिकारी किसानों की समस्याओं की सुनवाई कर रहे हैं। इस दौरान बैठक में कुछ ऐसा हुआ जो जिले में चर्चा का विषय बन गया।
‘इधर बैठ जाओ’: जब DM ने लंगूर को दिया सम्मान
बैठक में डीएम अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक (SP) सूरज राय किसानों की शिकायतें सुन रहे थे। तभी मटरू लंगूर किसानों की टेबलों से होता हुआ सीधे डीएम के पास पहुँच गया। आमतौर पर जंगली जानवरों को करीब देख लोग डर जाते हैं, लेकिन जिलाधिकारी पूरी तरह शांत रहीं। उन्होंने तुरंत अपनी कुर्सी छोड़ दी और मुस्कुराते हुए लंगूर की तरफ इशारा कर कहा ‘इधर बैठ जाओ’।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों के अनुसार, मटरू कोई अनजान मेहमान नहीं है। वह अक्सर कलेक्ट्रेट और विकास भवन परिसर में घूमता नजर आता है।
इससे पहले भी मटरू उस वक्त चर्चा में आया था जब एक किसान धरने के दौरान उसने डीएम का पल्लू पकड़ लिया था और शांति से उनके पास बैठ गया था। मटरू कलेक्ट्रेट के अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच काफी घुला-मिला हुआ है और किसी को नुकसान नहीं पहुंचाता।
सोशल मीडिया पर वीडियो की धूम
बैठक में मौजूद किसी शख्स ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल में कैद कर लिया। वीडियो में डीएम की सहजता और लंगूर का बेखौफ अंदाज देख लोग इसे ‘इंसानियत और बेजुबानों के बीच का खूबसूरत रिश्ता’ बता रहे हैं। गंभीर शिकायतों के बीच इस घटना ने हॉल में मौजूद किसानों और अधिकारियों के चेहरे पर मुस्कान ला दी।

