अखिलेश यादव की बेटी पर अभद्र टिप्पणी मामले में तीन आरोपी नामजद, पुलिस ने दर्ज की FIR
Kanpur News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणी के मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। कानपुर की साइबर अपराध पुलिस ने सपा प्रमुख के परिवार की प्रतिष्ठा को ठेस पहुँचाने और अदिति यादव की छवि धूमिल करने के आरोप में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव परवीन यादव की तहरीर पर की गई है। प्राथमिकी में भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव को नामजद आरोपी बनाया गया है।
फर्जी दावों और एडिटेड तस्वीरों के जरिए बदनाम करने की साजिश
दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 9 जून, 2026 को भरत कुमार पटेल नाम के एक सोशल मीडिया अकाउंट से एक बेहद आपत्तिजनक पोस्ट अपलोड की गई थी। इस पोस्ट में न केवल अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया गया, बल्कि अदिति यादव के खिलाफ झूठे और भ्रामक दावे भी किए गए। नाम न छापने की शर्त पर एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस पोस्ट में अदिति यादव को कथित तौर पर चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों से जोड़ने की कोशिश की गई थी।
इसके अलावा, उनकी सार्वजनिक छवि को नुकसान पहुँचाने के इरादे से एक एडिटेड (संपादित) तस्वीर भी साझा की गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि यह सामग्री एक सम्मानित परिवार को बदनाम करने और सार्वजनिक आक्रोश भड़काने के उद्देश्य से जानबूझकर गढ़ी गई थी, जिसमें बाकी दो आरोपियों ने भी अपमानजनक टिप्पणियाँ कर साथ दिया।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) विपिन ताडा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इसमें महिला की गरिमा का अपमान करने, प्रतिष्ठा को नुकसान पहुँचाने के इरादे से जालसाजी करने और आपत्तिजनक सामग्री के इलेक्ट्रॉनिक प्रसारण के माध्यम से गोपनीयता का उल्लंघन करने जैसी धाराएं शामिल हैं।
साइबर अपराध थाने के प्रभारी निरीक्षक सतीश यादव के मुताबिक, मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है। अपलोड की गई पोस्ट, इस्तेमाल किए गए डिजिटल उपकरणों और आरोपियों के सोशल मीडिया खातों की डिजिटल ट्रेसिंग व फोरेंसिक जांच की जा रही है ताकि पुख्ता सबूत जुटाए जा सकें।
शामली में कलेक्ट्रेट पर सपाइयों का जोरदार प्रदर्शन
इस घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं में भारी आक्रोश है। शामली में सपा कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में इकट्ठा होकर राज्य सरकार और आरोपियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। सपा नेताओं ने इस कृत्य को बेहद शर्मनाक बताते हुए महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन स्थानीय तहसीलदार को सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि सोशल मीडिया पर इस तरह की घिनौनी हरकत करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।
Also Read: 58 की उम्र में दलेर मेहंदी की सेकेंड इनिंग, एक्टिंग डेब्यू से करेंगे नई पारी की शुरुआत

