58 की उम्र में दलेर मेहंदी की सेकेंड इनिंग, एक्टिंग डेब्यू से करेंगे नई पारी की शुरुआत

Sandesh Wahak Digital Desk: 58 साल की उम्र में पंजाबी म्यूजिक के OG सिंगिंग सेंसेशन दलेर मेहंदी एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं।

दशकों तक अपनी आवाज से लोगों को नचाने वाले दलेर अब बड़े पर्दे पर एक्टिंग का दम दिखाएंगे। वह फिल्म वेलकम टू द जंगल से अभिनय की दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं।

ऐसे में सवाल यही है कि क्या यह ‘सेकेंड इनिंग’ उनके करियर को नई उड़ान दे पाएगी या फिर सितारों की भीड़ में उनका किरदार गुम होकर रह जाएगा।

विवादों ने बदली करियर की रफ्तार

एक दौर था जब दलेर मेहंदी का नाम ही पार्टी और जश्न की पहचान बन चुका था। ‘बोलो ता रा रा’, ‘तुनक तुनक तुन’, ‘ना ना ना रे’ और ‘हो जाएगी बल्ले-बल्ले’ जैसे सुपरहिट गानों ने उन्हें देश का सबसे बड़ा पॉप स्टार बना दिया।

200 से ज्यादा गानों से उन्होंने पंजाबी म्यूजिक के साथ-साथ बॉलीवुड में भी अपनी अलग छाप छोड़ी।

हालांकि, करियर के शिखर पर रहते हुए दलेर विवादों में भी घिर गए। ह्यूमन ट्रैफिकिंग और धोखाधड़ी से जुड़े मामलों में उनका नाम आया और उन्हें जेल भी जाना पड़ा।

Daler Mehndi

इसके अलावा हरियाणा के सोहना रोड स्थित फार्महाउस को लेकर भी विवाद सामने आए। इन घटनाओं ने उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया और वह धीरे-धीरे लाइमलाइट से दूर होते चले गए।

पूरी तरह गायब नहीं हुए दलेर

विवादों के बावजूद दलेर मेहंदी पूरी तरह मंच से गायब नहीं हुए। वह लगातार नए गानों, स्टेज शोज और लाइव परफॉर्मेंस के जरिए अपने फैंस से जुड़े रहे। हालांकि, जिस बड़े कमबैक की उनसे उम्मीद की जा रही थी, वह अब तक नहीं दिख पाया।

‘वेलकम टू द जंगल’ से नई उम्मीद

अब फिल्म ‘वेलकम टू द जंगल’ को दलेर मेहंदी के करियर का टर्निंग पॉइंट माना जा रहा है। फिल्म में अक्षय कुमार, सुनील शेट्टी, परेश रावल, अरशद वारसी, रवीना टंडन, जैकलीन फर्नांडिस और दिशा पाटनी जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे।

इतने सितारों के बीच दलेर के लिए अपनी अलग पहचान बनाना आसान नहीं होगा।

फिल्म के ट्रेलर में दलेर मेहंदी का लंबा डायलॉग चर्चा में है, जिसको लेकर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

कुछ लोग इसे मजाकिया अंदाज में देख रहे हैं, तो कुछ को डर है कि कहीं उनका रोल सिर्फ ट्रेलर तक ही सीमित न रह जाए।

26 जून को मिलेगा जवाब

क्या दलेर मेहंदी एक्टिंग में भी वही करिश्मा दिखा पाएंगे, जो उन्होंने म्यूजिक इंडस्ट्री में दिखाया था—इसका जवाब 26 जून को मिलेगा, जब ‘वेलकम टू द जंगल’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

तब साफ हो जाएगा कि दलेर की सेकेंड इनिंग हिट साबित होती है या फिर यह सिर्फ चर्चाओं तक ही सिमट कर रह जाती है।

Also Read: ‘370 रुपये बिरयानी’ विवाद में महाराष्ट्र साइबर पुलिस का एक्शन, प्रणित मोरे समेत कई लोगों पर दर्ज हुई FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.