मोहनलालगंज में गणपति विसर्जन के दौरान 3 दोस्त सई नदी में डूबे, तलाश जारी

Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज क्षेत्र के सिसेंडी गांव में मंगलवार शाम गणपति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सई नदी में नहाने उतरे तीन दोस्त गहरे पानी में डूब गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

घटना शाम करीब 5 बजे जबरेला पुल के पास हुई। सिसेंडी गांव के लोग गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए नदी पर पहुंचे थे। विसर्जन के दौरान हरी प्रसाद (35) और धीरज (21) गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को बचाने के लिए उनके दोस्त प्रमोद (25) नदी में उतर गए, लेकिन वह भी पानी में डूब गए।

तीनों को डूबता देख लोगों ने शोर मचाया। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मोहनलालगंज पुलिस ने गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया। कुछ देर बाद एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी पहुंच गई। एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली। देर रात तक तीनों युवकों का पता नहीं चल सका था।

तीनों साथ करते थे पेंटिंग का काम

हरी प्रसाद, धीरज और प्रमोद एक साथ पेंटिंग का काम करते थे। मंगलवार को वे गणपति शोभायात्रा में भी साथ आए थे। हादसे की जानकारी मिलते ही तीनों के परिजन मौके पर पहुंच गए।

प्रमोद के परिवार में पिता हरिशंकर, मां रानी और तीन भाई बिनोद, मनोज व विजय हैं। धीरज के परिवार में पत्नी अनीता, मां दीपा और पिता रामनरेश हैं। वहीं हरी प्रसाद के परिवार में पत्नी श्यामावती, बेटा निहाल और बेटी निहारिका हैं।

पहले दो युवकों के डूबने की मिली थी सूचना

इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि शुरुआत में पुलिस को दो युवकों के नदी में डूबने की सूचना मिली थी। बाद में जानकारी हुई कि दोनों को बचाने के प्रयास में प्रमोद भी नदी में उतर गए थे और वह भी डूब गए। पुलिस और SDRF की टीम तीनों की तलाश में जुटी रही।

Also Read: सड़क पर दीवार खड़ी करने का आरोप, अहिमामऊ के कॉलोनीवासियों ने थाने में दी शिकायत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.