लखनऊ में म्यूल अकाउंट के जरिए ठगी करने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 5 लाख रुपये फ्रीज
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे विशेष साईवज्र अभियान के तहत लखनऊ कमिश्नरेट की हज़रतगंज पुलिस और साइबर मध्य जोन की टीम को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चीनी साइबर अपराधियों से जुड़े एक बड़े अंतरराज्यीय रैकेट का खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह आम लोगों को नौकरी का झांसा देकर उनके नाम पर म्यूल बैंक अकाउंट खुलवाता था और उनका इस्तेमाल करोड़ों रुपये की साइबर ठगी के पैसों को ठिकाने लगाने के लिए करता था।
नौकरी का झांसा देकर खुलवाते थे बैंक खाते
जांच में सामने आया कि गिरोह का मुख्य सदस्य प्रेम कुमार उर्फ विमल ग्रामीण और आसपास के कस्बों के लोगों को नौकरी का लालच देकर उनके पहचान पत्रों पर फर्जी पते पर मोबाइल सिम जारी करवाता था। इसके बाद अलग-अलग बैंकों में खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल्स और सिम कार्ड हासिल कर लेता था।
टेलीग्राम और USDT से चाइनीज नेटवर्क को ट्रांजेक्शन
यह गिरोह बैंक खातों की गोपनीय जानकारी टेलीग्राम के ज़रिए अपने साथियों अमित और दिनेश सिंह को भेजता था, जो आगे चीनी साइबर ठगों से जुड़े हुए थे। जैसे ही ठगी की रकम इन म्यूल खातों में आती थी, गिरफ्तार आरोपी वरुण कांत शर्मा और महिला अभियुक्त एटीएम व चेक के जरिए तुरंत पैसा कैश निकाल लेते थे। इसके बदले उन्हें 40 से 45 हजार रुपये महीना कमीशन मिलता था। निकाला गया कैश अमित और दिनेश सिंह के पास पहुँचता था, जो उसे क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर चीनी हैंडलर्स को ट्रांसफर कर देते थे।
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से 23 एटीएम कार्ड, 13 पासबुक, 9 चेकबुक और 5 स्मार्टफ़ोन बरामद किए हैं। इसके अलावा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गिरोह के म्यूल खातों में जमा 5,00000 (5 लाख रुपये) फ्रीज करवा दिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में वरुण कांत शर्मा (उम्र 30 वर्ष) निवासी बदायूं, हाल पता सेक्टर-6 वृंदावन और प्रेम कुमार उर्फ विमल निवासी फर्रुखाबाद, हाल पता हंसनगर कॉलोनी, पारा, लखनऊ व एक महिला शामिल है।
हज़रतगंज थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरोह के अन्य फरार साथियों अमित और दिनेश सिंह की तलाश जारी है।

