हुगली में टीएमसी नेता कुणाल घोष के काफिले पर हमला, फेंके गए अंडे

Sandesh Wahak Digital Desk: पश्चिम बंगाल के हुगली जिले स्थित उत्तरपारा इलाके में शनिवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और विधायक कुणाल घोष को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने के लिए श्रीरामपुर जा रहे कुणाल घोष के वाहन पर अचानक दर्जनों लोगों ने हमला बोल दिया। उपद्रवियों ने हाथ में काले झंडे लेकर उनकी गाड़ी को चारों तरफ से घेर लिया और जोरदार नारेबाजी करते हुए गो बैक के नारे लगाए।

कुणाल घोष बोले- बंगाल में चल रहा जंगलराज

घटना के सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारी कुणाल घोष की कार के ठीक आगे खड़े होकर लगातार पत्थर और अंडे बरसा रहे हैं, जिससे उनकी गाड़ी के कांच को काफी क्षति पहुंची है। इस हमले पर कड़ा एतराज जताते हुए कुणाल घोष ने कहा, यह पूरी तरह से जंगलराज का सबूत है। मेरी गाड़ी पर अंडे और पत्थर बरसाए गए और रास्ता रोक दिया गया। मौके पर एक भी पुलिसकर्मी तैनात नहीं था। मैं अब कोलकाता लौटकर सीधे लालबाजार या भवानी भवन में इसकी एफआईआर दर्ज कराऊंगा।

मुझे नजरबंद किया गया: ममता बनर्जी

इस घटनाक्रम के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी केंद्र और विपक्ष पर सीधा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें एक तरह से नजरबंद कर दिया गया और टीएमसी की रैली में जाने की इजाजत नहीं दी गई। ममता बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों ने श्रीरामपुर जाने वाले पूरे रास्ते पर कब्जा जमा लिया था और वहां सुरक्षा के लिए पुलिस का कोई इंतजाम नहीं था। टीएमसी नेता असित मजूमदार ने भी इसे बीजेपी की सोची-समझी साजिश करार दिया।

Also Read: PM मोदी से मिले CM योगी, यूपी की 10 राज्यसभा और 11 MLC सीटों पर चुनाव से पहले मंथन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.