उन्नाव: पुलिस दंपति अनूप मिश्र और रीना पाण्डेय को ‘कर्मयोगी सम्मान’, ‘ग्रीन एंड क्लीन यूपी’ अभियान से पेश की मिसाल

Sandesh Wahak Digital Desk: जनपद उन्नाव में उत्कृष्ट पुलिस सेवा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित पुलिस दंपति अनूप मिश्र ‘अपूर्व’ और सब इंस्पेक्टर रीना पाण्डेय को ‘कर्मयोगी सम्मान’ से नवाजा गया है। ग्राम पटियारा स्थित राम स्वरूप आश्रम (बुढवा बाबा) में राष्ट्रीय पत्रकार सभा द्वारा आयोजित एक भव्य समारोह में इस दंपति को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

राष्ट्रीय पत्रकार सभा ने किया सम्मानित

राष्ट्रीय पत्रकार सभा द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान और सम्मान समारोह का उद्देश्य समाज सेवा, सुरक्षा और जनकल्याण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को प्रोत्साहित करना था। कार्यक्रम संयोजक एवं चेयरमैन श्रवण कुमार पाण्डेय ने पुलिस दंपति को प्रतीक चिन्ह और अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सदर विधायक पंकज गुप्ता सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने खाकी वर्दी की व्यस्तता के बीच सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए दंपति की सराहना की।

‘ग्रीन एंड क्लीन यूपी’: एक व्यक्तिगत पहल जो बन गई जनांदोलन

सम्मान ग्रहण करने के बाद अनूप मिश्र अपूर्व (प्रभारी – पुलिस कंट्रोल रूम) और रीना पाण्डेय ने अपने सेवा सफर के बारे में अनुभव साझा किए। उन्होंने उन्नाव के प्रसिद्ध समाजसेवी और शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा के साथ मिलकर ‘ग्रीन एंड क्लीन उन्नाव’ की नींव रखी थी। यह छोटी सी पहल अब ‘ग्रीन एंड क्लीन यूपी’ के रूप में पूरे उत्तर प्रदेश में फैल चुकी है। वर्तमान में प्रदेश भर के हजारों शिक्षक अपने विद्यालयों और गांवों को हरा-भरा और स्वच्छ बनाने के लिए इस अभियान से जुड़कर कार्य कर रहे हैं।

सामाजिक परिवर्तन की दिशा में बढ़ते कदम

ग्रीन एंड क्लीन यूपी के मुख्य सह-संयोजक प्रदीप कुमार वर्मा ने पुलिस दंपति को बधाई देते हुए कहा कि समाज में वास्तविक बदलाव वही ला सकता है, जो निस्वार्थ भाव से कार्य करे। उन्होंने बताया कि पुलिस दंपति की प्रतिबद्धता ने पर्यावरण संरक्षण को अब एक जनांदोलन का रूप दे दिया है।

Also Read: Unnao News: सफीपुर पुलिस ने 24 घंटे में किया हत्याकांड का पर्दाफाश, आशिक ही निकला महिला का कातिल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.