Bareilly News: अप्रशिक्षित लड़के कर रहे अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों संचालन, स्वास्थ्य विभाग पर संरक्षण का आरोप

Bareilly News: बरेली जनपद के आंवला कस्बे में अवैध रूप से संचालित हो रहे अल्ट्रासाउंड सेंटरों और वहां मची धांधली को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं। आरोप है कि स्वास्थ्य विभाग के कथित संरक्षण के चलते कस्बे में धड़ल्ले से बिना मानकों के जांच केंद्र चलाए जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर मरीजों की जान से खिलवाड़ है।

शिकायत के मुताबिक, कस्बे में मुख्य रूप से दो बड़े अल्ट्रासाउंड सेंटर बिना योग्य डॉक्टरों के काम कर रहे हैं। पहला अभिनव अल्ट्रासाउंड सेंटर जो पुरौना बस स्टैंड के समीप संचालित हो रहा है और दूसरा मेडिसिटी अल्ट्रासाउंड सेंटर जो स्थानीय सरकारी अस्पताल के ठीक सामने स्थित है। इन दोनों ही केंद्रों पर कोई योग्य या प्रमाणित रेडियोलॉजिस्ट नहीं रहता, बल्कि अप्रशिक्षित लड़के धड़ल्ले से जांच का काम और सेंटरों का संचालन कर रहे हैं।

एसडीएम विदुषी सिंह की जांच में भी पकड़ी गई थी चोरी

स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन अवैध सेंटरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि जब भी कोई संभ्रांत नागरिक या पीड़ित व्यक्ति इनकी शिकायत करने का प्रयास करता है, तो स्वास्थ्य विभाग के कुछ अधिकारियों के सह पर शिकायतकर्ता के ऊपर ही उल्टा दबाव बना दिया जाता है।

मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि कुछ समय पूर्व आंवला की उप जिलाधिकारी विदुषी सिंह ने खुद इन सेंटरों पर औचक छापेमारी की थी। जांच के दौरान एसडीएम को मौके पर अप्रशिक्षित लड़के ही अल्ट्रासाउंड मशीनें और सेंटर संचालित करते हुए मिले थे। इस बड़े खुलासे और रंगे हाथों पकड़े जाने के बावजूद, आज तक इन सेंटरों के खिलाफ कोई ठोस दंडात्मक या वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई, जिससे विभागीय सांठगांठ की बू आ रही है।

निष्पक्ष जांच और सेंटरों को सील करने की मांग

कस्बे के जागरूक नागरिकों और पीड़ितों ने माननीय मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि इस गंभीर और संवेदनशील मामले को दबाने के बजाय इसकी उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। मांग की गई है कि नियमों को ताक पर रखकर जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले इन दोनों सेंटरों को तत्काल सील किया जाए और इनके संचालकों सहित इन्हें संरक्षण देने वाले जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: खान सर विवाद में नया मोड़, हमले के आरोपी और रोशन आनंद के भाई प्रिंस की नेपाल में संदिग्ध मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.