फाइनल वोटर लिस्ट में मतदाताओं की संख्या पहुंची 13.39 करोड़ के पार, प्रयागराज और लखनऊ में सबसे ज्यादा बढ़े वोटर्स
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने लिस्ट जारी करते हुए बताया कि अब प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 हो गई है। खास बात यह है कि इस बार महिला मतदाताओं और युवाओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
वोटर लिस्ट में अब तक का सबसे बड़ा बदलाव
इस बार की प्रक्रिया में करीब 84.28 लाख नए मतदाता सूची में जुड़े हैं। निर्वाचन आयोग ने बताया कि पुरुष मतदाता: 7.30 करोड़ (लगभग 54.54%), महिला मतदाता: 6.09 करोड़ (लगभग 45.46%) है। इस बार 14.29 लाख से अधिक युवाओं ने पहली बार वोटर बनने के लिए पंजीकरण कराया है। महिला मतदाताओं की संख्या बढ़ने से जेंडर रेशियो में 10 अंकों का सुधार हुआ है और अब यह 834 पर पहुँच गया है। वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने के मामले में उत्तर प्रदेश के ये पांच जिले सबसे आगे रहे।
प्रयागराज: 3,26,421 नए वोटर्स
लखनऊ: 2,85,961 नए वोटर्स
बरेली: 2,57,921 नए वोटर्स
गाजियाबाद: 2,43,066 नए वोटर्स
जौनपुर: 2,37,590 नए वोटर्स
विधानसभा वार देखा जाए तो गाजियाबाद की साहिबाबाद सीट पर सबसे ज्यादा (82,898) वोटर्स बढ़े हैं।
अगर लिस्ट में नाम नहीं है तो क्या करें
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम लिस्ट से कट गया है या अभी तक शामिल नहीं हो पाया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है।
शिकायत: नाम कटने पर सबसे पहले जिला निर्वाचन अधिकारी (DM) और फिर मुख्य निर्वाचन अधिकारी से शिकायत की जा सकती है।
नया नाम जोड़ना: जो लोग अभी भी छूट गए हैं, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।

