Lucknow News: इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार प्रो. हारिस सिद्दीकी को प्रतिष्ठित ‘फुलब्राइट-नेहरू IEA अवार्ड’
शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए हुआ चयन, अमेरिका में वैश्विक उच्च शिक्षा प्रणालियों का अध्ययन करेंगे प्रो. सिद्दीकी, विश्वविद्यालय में खुशी की लहर
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ स्थित इंटीग्रल यूनिवर्सिटी के लिए आज का दिन ऐतिहासिक गौरव का विषय बन गया है। विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी को प्रतिष्ठित ‘फुलब्राइट-नेहरू इंटरनेशनल एजुकेशनल एडमिनिस्ट्रेटर्स (IEA) अवार्ड’ (शैक्षणिक सत्र 2025–26) के लिए चुना गया है। यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्रो. सिद्दीकी के उत्कृष्ट नेतृत्व और उच्च शिक्षा प्रशासन में उनके महत्वपूर्ण योगदान का प्रमाण है।
USIEF और IIE की ओर से मिला सम्मान
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार यूनाइटेड स्टेट्स-इंडिया एजुकेशनल फाउंडेशन (USIEF) द्वारा इंस्टीट्यूट ऑफ इंटरनेशनल एजुकेशन (IIE) के सहयोग से प्रदान किया जाता है। प्रो. सिद्दीकी का चयन अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक सहभागिता और संस्थागत उत्कृष्टता को सशक्त बनाने की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों के लिए किया गया है।
अमेरिका का करेंगे दौरा
इस कार्यक्रम के तहत प्रो. मोहम्मद हारिस सिद्दीकी संयुक्त राज्य अमेरिका का दौरा करेंगे। वहां वे अमेरिकी उच्च शिक्षा प्रणाली की बारीकियों को समझेंगे। शोध साझेदारी और वैश्विक संस्थागत सहयोग के नए अवसरों का अध्ययन करेंगे। अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय शिक्षा प्रणाली के अनुभवों को साझा करेंगे।
सफलता का श्रेय नेतृत्व और टीम को
इस उपलब्धि पर आभार व्यक्त करते हुए प्रो. सिद्दीकी ने विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं चांसलर प्रो. सैयद वसीम अख्तर के दूरदर्शी नेतृत्व को अपनी सफलता का श्रेय दिया। उन्होंने प्रो-चांसलर डॉ. सैयद नदीम अख्तर के मार्गदर्शन और अतिरिक्त प्रो-चांसलर्स सैयद अदनान अख्तर, सैयद फौजान अख्तर, डॉ. निदा फातिमा एवं कुलपति प्रो. फुर्कान क़मर सहित पूरे विश्वविद्यालय परिवार के सहयोग के प्रति कृतज्ञता प्रकट की।
प्रेरणा का स्रोत बनी उपलब्धि
इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ने प्रो. सिद्दीकी को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम से प्राप्त अनुभव संस्थान के वैश्विक दृष्टिकोण और शैक्षणिक विकास को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
Also Read: UPI से अब तुरंत नहीं होगा भुगतान, RBI ने बढ़ते डिजिटल फ्रॉड के बीच उठाया कदम

