छात्राओं को मुफ्त स्कूटी देने की तैयारी तेज, यूपी सरकार ने शुरू की खरीद प्रक्रिया
Rani Lakshmibai Scooty Yojana: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले मेधावी छात्राओं के लिए बड़ी योजना पर काम तेज हो गया है। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत करीब 40 हजार छात्राओं को मुफ्त स्कूटी दी जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग ने स्कूटी खरीदने के लिए लगभग 320 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। योजना के तहत जनवरी में स्कूटी बांटने की तैयारी है।
टॉप 5 प्रतिशत छात्राओं को मिलेगा लाभ
शैक्षिक सत्र 2025-26 में स्नातक की पढ़ाई पूरी करने वाली छात्राओं में से टॉप पांच प्रतिशत को योजना में शामिल किया जाएगा। इसके लिए विश्वविद्यालयों और संबद्ध कॉलेजों से मेधावी छात्राओं का डाटा जुटाकर मेरिट सूची तैयार की जा रही है।
लाभ पाने के लिए छात्रा का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना जरूरी है। उसके परिवार की सालाना आय 12 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। योजना में राज्य विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय, राजकीय, सहायता प्राप्त और स्ववित्तपोषित डिग्री कॉलेजों की छात्राएं शामिल होंगी।
इन छात्राओं को मिलेगी प्राथमिकता
निराश्रित, दिव्यांग और शहीद परिवारों की बेटियों के लिए मेरिट की शर्त लागू नहीं होगी। उन्हें प्राथमिकता के आधार पर स्कूटी दी जाएगी। अन्य पात्र छात्राओं के आधार, निवास और आय प्रमाण पत्र पोर्टल पर अपलोड किए जा रहे हैं। उच्च शिक्षा निदेशालय जिला प्रशासन की मदद से दस्तावेजों का सत्यापन कराएगा।
हेलमेट, पेट्रोल और बीमा भी मुफ्त
सरकार स्कूटी के साथ ISI मार्का हेलमेट, जरूरी एसेसरीज और पांच लीटर पेट्रोल भी देगी। आरटीओ रजिस्ट्रेशन और बीमा का खर्च भी सरकार उठाएगी। उच्च शिक्षा निदेशालय की 21 सितंबर को ऑनलाइन प्री-बिड बैठक होगी। इसके बाद खरीद प्रक्रिया पूरी कर जनवरी तक वितरण का लक्ष्य रखा गया है।
Also Read: भाजपा से दूरी की अटकलों के बीच संजय निषाद का सपा पर तीखा वार, बोले- पहले अपना वजूद बचाओ

