Prayagraj News: UP STF ने फाफामऊ से 1 लाख के इनामी गैंगस्टर को किया गिरफ्तार
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश एसटीएफ (STF) को संगमनगरी प्रयागराज में एक बड़ी सफलता हासिल हुई है। एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने थाना फाफामऊ में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में लंबे समय से वांछित और 1,00,000 रुपये के इनामी बदमाश सुनील कुमार भारतीया उर्फ गूंगे को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के खिलाफ कई थानों में चोरी, छिनैती, एनडीपीएस और लूट जैसे एक दर्जन के करीब संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
डीएसपी एसटीएफ शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व मो. हबीब अहमद सिद्दीकी की टीम प्रयागराज के फाफामऊ क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर एसटीएफ ने जय गुरुदेव आश्रम से 50 मीटर पीछे बेला कछार रोड के पास घेराबंदी कर अभियुक्त सुनील कुमार भारतीया उर्फ ‘गूंगे’ को सुबह करीब 08:45 बजे दबोच लिया।
वर्ष 2019 से अपराध की दुनिया में सक्रिय
पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्त (निवासी ग्राम रंगपुरा, फाफामऊ व मूल निवासी मऊआइमा, प्रयागराज) ने बताया कि वह साल 2019 से अपने गिरोह के साथ मिलकर ट्रेनों और सड़क पर चोरी व लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। इस सिलसिले में जीआरपी प्रयागराज और थाना फाफामऊ में उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
वर्ष 2025 में फाफामऊ थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट (मु0अ0सं0 348/2025) के तहत कार्रवाई की गई थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज की ओर से 1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
गिरफ्तार अभियुक्त सुनील उर्फ ‘गूंगे’ के खिलाफ जीआरपी प्रयागराज में एनडीपीएस, चोरी और लूट की धाराओं में आधा दर्जन से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं। वहीं फाफामऊ थाने में उस पर लूट, बीएनएस की संगीन धाराओं और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। एसटीएफ ने अभियुक्त को थाना फाफामऊ पुलिस के सुपुर्द कर दिया है, जहां से आगे की विधिक कार्रवाई कर उसे अदालत में पेश किया जा रहा है।
Also Read: ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ट्रोल हुए सनी देओल, पाकिस्तान पर बयान को लेकर यूजर्स ने घेरा

