UP STF ने दबोचा 50,000 का इनामी मानव तस्कर, मासूमों का सौदा करने वाले गैंग का था मुख्य सदस्य

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने बच्चों के अपहरण और मानव तस्करी करने वाले एक खतरनाक गिरोह के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। एसटीएफ की आगरा यूनिट ने ₹50,000 के इनामी अपराधी शाहरुख उर्फ इमरान को हरदोई जिले से गिरफ्तार कर लिया है। यह शातिर अपराधी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंककर दिल्ली और यूपी के बॉर्डर इलाकों में छिपा हुआ था।

संडीला-अतरौली मार्ग पर बिछाया गया जाल

अपर पुलिस अधीक्षक राकेश (एसटीएफ फील्ड इकाई, आगरा) के निर्देशन में टीम को सूचना मिली कि वांछित अपराधी इमरान उर्फ शाहरुख हरदोई के अतरौली क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही मंगलवार को रात करीब 9.41 पर उप निरीक्षक योगेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने ढिक्कनी, अतरौली सड़क मार्ग पर घेराबंदी की अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

ऑटो चालक से कैसे बना बच्चों का तस्कर?

पूछताछ में शाहरुख ने जो खुलासे किए, वे चौंकाने वाले हैं। उसने बताया कि वह पहले दिल्ली में ऑटो चलाता था। इसी दौरान उसकी मुलाकात सोनिया उर्फ सुनीता से हुई। सोनिया ने उसे ₹2,000 प्रतिदिन के हिसाब से ऑटो बुक किया और धीरे-धीरे उसे बच्चों का अपहरण करने वाले गिरोह में शामिल कर लिया। इस गैंग में अभय वर्मा, उमाशंकर, पठान मुमताज उर्फ हसीना और सविता ठाकुर जैसे कई सदस्य शामिल थे। जब अतरौली पुलिस ने गैंग के अन्य सदस्यों को जेल भेजा, तो शाहरुख दिल्ली और गाजियाबाद के इलाकों में छुपकर रहने लगा और वहां वाहन चलाने लगा।

अपराधों का रिकॉर्ड

शाहरुख के खिलाफ हरदोई और सीतापुर में बच्चों के अपहरण (Human Trafficking) से संबंधित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।

क्र.सं. जनपद थाना धारा (BNS)
1 हरदोई अतरौली 137(2), 143(1)C, 143(5), 61(2)
2 सीतापुर बिसवां 137(2)
3 सीतापुर अटरिया 137(2)

स्थानीय पुलिस को सौंपा

एसटीएफ ने गिरफ्तार शाहरुख को हरदोई के अतरौली थाने में दाखिल कर दिया है। अब स्थानीय पुलिस उससे गहन पूछताछ कर रही है ताकि गैंग से जुड़े अन्य अहम सुराग और बच्चों की तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Also Read: Lucknow News: बादशाहनगर स्टेशन पर STF ने बिछाया जाल, गोण्डा के दो नामी बदमाश गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.