यूपी में 15 हजार से ज्यादा शिक्षकों की भर्ती का ऐलान, दिसंबर में होंगी परीक्षाएं
UP Teacher Recruitment 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए राहत की खबर है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने 15 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। आयोग ने मंगलवार शाम सहायक अध्यापक और प्रवक्ता (पीजीटी) भर्ती से जुड़े दो विज्ञापन जारी किए हैं। कुल 15,012 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।
सहायक अध्यापक के 12,405 पद
सहायक अध्यापक भर्ती में कुल 12,405 पद शामिल हैं। इनमें माध्यमिक शिक्षा विभाग के अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों में 897 पद और बेसिक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक (शहरी) के 11,508 पद हैं।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण और आवेदन बुधवार से शुरू होंगे। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर है। अभ्यर्थी 19 अक्टूबर तक आवेदन में संशोधन कर सकेंगे। परीक्षा 3 और 4 दिसंबर को आयोजित होगी।
पीजीटी के 2,607 पदों पर भर्ती
प्रवक्ता संवर्ग में अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के 2,607 रिक्त पदों के लिए भी विज्ञापन जारी हुआ है। पीजीटी भर्ती का ऑनलाइन पंजीकरण 18 सितंबर से शुरू होगा। शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 17 अक्टूबर और आवेदन संशोधन की आखिरी तारीख 21 अक्टूबर तय की गई है। परीक्षा 15 और 16 दिसंबर को होगी।
शिक्षामित्रों ने उठाई वेटेज की मांग
आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) अनिवार्य है। विस्तृत विज्ञापन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
उत्तर प्रदेश बीटीसी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अनिल यादव ने कहा कि विज्ञापन में शिक्षामित्रों को वेटेज या वरीयता देने का उल्लेख नहीं है। उन्होंने सरकार से 26 साल से सेवा दे रहे शिक्षामित्रों को भर्ती में वेटेज देने पर विचार करने की मांग की।

