लखनऊ में खौफनाक वारदात, दूसरी लड़की के साथ था बॉयफ्रेंड, प्रेमिका ने टोका तो कार से कुचलने का किया प्रयास

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पॉश इलाके गोमती नगर विस्तार में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने विवाद के बाद युवती पर कार चढ़ा दी और उसे काफी दूर तक बोनट पर घसीटता हुआ निकल गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

पार्क के पास चाय पीते समय हुआ विवाद

थाना प्रभारी के अनुसार, अनामिका नाम की युवती ने आरोपी शाहनवाज के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शुरुआती पुलिस जांच में पता चला है कि अनामिका और शाहनवाज पहले से एक-दूसरे से परिचित थे। घटना वाले दिन शाहनवाज किसी अन्य युवती के साथ पार्क के पास चाय पीने पहुंचा था। इस बात की भनक जब अनामिका को लगी तो वह भी मौके पर पहुंच गई, जिसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

कार रोकने की कोशिश में बोनट पर आई युवती

विवाद बढ़ता देख आरोपी शाहनवाज अपनी दूसरी महिला मित्र को साथ लेकर गाड़ी में बैठकर भागने लगा। अनामिका ने जब गाड़ी रोकने की कोशिश की, तो आरोपी ने रफ्तार बढ़ा दी। टक्कर लगने के बाद युवती कार के बोनट पर गिर पड़ी और आरोपी उसे कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। इसके बाद पीड़िता को सड़क पर ही छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गया।

पुलिस खंगाल रही कार नंबर

गोमती नगर विस्तार पुलिस ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और गाड़ी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपी शाहनवाज की तेजी से तलाश की जा रही है।

Also Read: अगरकर की आखिरी चयन बैठक आज? रोहित शर्मा के वनडे भविष्य पर भी होगी चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.